देश के जवानों का मनोबल बढ़ा हुआ है, आतंकवादियों का सफाया करने में हम सफल: राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में पिछले सप्ताह सीआरपीएफ के काफिल पर हुए हमले के बाद घाटी में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलवामा मे सोमवार को हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया है। हालांकि, इसमें सेना के चार जवान भी शहीद हुए हैं। इस बीच मीडिया से बात करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के जवानों का मनोबल बहुत ऊंचा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के जवान आतंकवाद का सफाया करने में सफल हो रहे हैं।

इससे पहले रविवार को भुवनेश्वर में राजनाथ सिंह ने कहा था कि पुलवामा हमले का बदला लेकर रहेंगे। राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं समझ सकता हूं कि सभी के दिल में क्या तड़प है, कि जो आतंकवादियों ने किया है, उसका बदला कैसे लिया जाए।' राजनाथ सिंह ने कहा था कि गृहमंत्री होने के नाते मैं देश को सुनिश्चित करना चाहता हूं कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
पुलवामा घटना के दूसरे दिन राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर का दौरा किया था, जहां उन्होंने पाकिस्तान और घाटी में छुपे हुए आतंकियों को चेतावनी दी थी। सरकार ने कहा है कि उन्होंने सीआरपीएफ जवानों का खुली छूट दे दी है।
पिछले सप्ताह जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतिपोरा से होकर सेना का एक काफिला निकल रहा था, जिसमें आतंकी एक कार लेकर घुस गया और धमाका कर दिया। इस हमले में 40 से अधिक जवानों क मौत हुई और कई घायल भी हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान में संचालित जैश-ए-मोहम्मद ने ली है।












Click it and Unblock the Notifications