Pulwama Attack पर ममता बनर्जी ने पूछा, क्या कर रहे थे NSA अजीत डोभाल?
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। वहीं, पुलवामा हमले को लेकर ममता बनर्जी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर सवाल उठाए हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि पुलवामा हमला हमारी खुफिया एजेंसियों की विफलता का नतीजा है, हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल क्या कर रहे थे?

'राष्ट्रीय शोक घोषित क्यों नहीं किया गया?'
ममता बनर्जी ने कहा कि सीआरपीएफ जवानों की शहादत पर देश में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया जाना चाहिए, क्या केवल नेताओं के निधन पर ही राष्ट्रीय शोक की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों को आतंकी हमले के बाद अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम पर रोक देने चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा, 'मुझे दुख के साथ ये कहना पड़ रहा है कि प्रधानमंत्री ने एक परियोजना का उद्घाटन किया। किसी गंभीर घटना के तुरंत बाद, हमें राजनीतिक कार्यक्रमों और सरकारी कार्यक्रमों से बचना चाहिए। सरकार ने तीन दिनों का राष्ट्रीय शोक क्यों नहीं घोषित किया।

'अजीत डोभाल क्या कर रहे थे?'
उन्होंने कहा, हमें ये जानने का हक है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल क्या कर रहे थे? इस हमले के पहले हमें क्यों इसके बारे में पता नहीं चल सका? इतनी बड़ी सख्या में जवान क्यों शहीद हुए? ये केवल मेरा ही नहीं, पूरे देश के लोगों का सवाल है, ये खुफिया विभाग की असफलता है, मैंने अपनी पहचान के कुछ जवानों से बात की है, उन्होंने बताया है कि ये पूरी तरह से खुफिया विभाग की असफलता है। एक साथ इतने वाहन क्यों जा रहे थे?

'इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए'
ममता ने पुलवामा हमले को उरी के बाद सबसे बड़ी घटना बताते हुए कहा कि किसी भी दल को इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल ने इस घटना पर कुछ नहीं कहा है, हम सभी देश के लिए एक साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, 'हम अपने जवानों को नमन करते हैं, ये बहुत की दुर्भाग्यपूर्ण हमला है।












Click it and Unblock the Notifications