Maharashtra: जानिए उद्धव ठाकरे सरकार के 6 मंत्रियों के बारे में
Recommended Video
मुंबई। महाराष्ट्र के इतिहास में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पहली बार ठाकरे परिवार से उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ छह अन्य विधायकों ने भी इस दौरान शपथ ली। एनसीपी-शिवसेना-कांग्रेस के गठबंधन की सरकार में तीनों ही दलों से दो-दो विधायकों ने शपथ ली। इन छह विधायकों के साथ ही उद्धव ठाकरे आज अपनी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक करेंगे, जिसमे वह प्रदेश से जुड़े कुछ अहम मुद्दों पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

6 मंत्रियों ने ली शपथ
उद्धव ठाकरे के साथ एनसीपी के दो विधायकों ने शपथ ली। एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल व वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि माना जा रहा था कि एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं, लेकिन उनके विद्रोह की वजह से वह इस कुर्सी से दूर रहे। सूत्रों की मानें तो अजित पवार जल्द ही उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस की बात करें तो महाराष्ट्र यूनिट के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट और पूर्व मंत्री नितिन राउत ने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि दोनों ही नेता प्रदेश के अहम थोराट और राउत समुदाय से आते हैं। शिवसेना की बात करें तो एकनाथ शिंदे और सुभाष देसाई ने मंत्री पद की शपथ ली।

एनसीपी के जयंत पाटिल, छगन भुजबल
जयंत पाटिल प्रदेश की पृथ्वीराज चव्हाण सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वह प्रदेश के दिग्गज नेता राजारामबापू पाटिल के बेटे हैं। जयंत पाटिल ने अमेरिका से पढ़ाई की है। 27 वर्ष के अपने राजनीतिक कार्यकाल ल में उन्होंने 6 बार इस्लामपुर वालवा सीट का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं छगन भुजबल की बात करें तो वो भी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने शिवसेना के साथ अपनी राजनीति की शुरुआत की थी और राजनीति में आने से पहले वह सब्जी बेचते थे। शिवसेना के छोड़ने के बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन बाद में वह शरद पवार की पार्टी एनसीपी के साथ चले गए। भुजबल 25 वर्ष तक शिवसेना के साथ रहे और बॉम्बे के मेयर भी रह चुके हैं।

कांग्रेस के बालासाहेब थोराट, नितिन राउत
बालासाहेब थोराट को को-ऑपरेटिव आंदोलन का नेता कहा जाता है। वह प्रदेश में मंत्री भी रह चुके हैं। मौजूदा समय में उन्हें महाराष्ट्र कांग्रेस का दिग्गज नेता माना जाता है। वहीं नितिन राउत की बात करें तो वह महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। वह 2014 तक महाराष्ट्र सरकार में मंत्री थे। नितिन राउत नागपुर नॉर्थ विधानसभा सीट से पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

शिवसेना के एकनाथ शिंदे, सुभाष देसाई
एकनाथ शिंदे पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। वह थाणे विधानसभा सीट से आते हैं। उन्होंने लगातार चौथी बार चुनाव में जीत दर्ज की है। उन्होंने 2004, 2009, 2014, 2019 में जीत दर्ज की। शिवसेना नेता सुभाष देसाई गोरेगांव सीट से आते हैं। पिछली सरकार में भी वह मंत्री थे। वह मराठा परिवार से आते हैं। एक बार फिर से उन्हें फडणवीस सरकार में मंत्री बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications