पीएम मोदी पर प्रियंका गांधी का तीखा हमला, बोलीं- आप क्या चाहते हैं, कोई उनकी मदद नहीं करता
नई दिल्ली, 08 फरवरी। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोरोना की दूसरी लहर के दौरान रैली करने को लेकर तीखा हमला बोला है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कांग्रेस मुंबई में और आम आदमी पार्टी दिल्ली में मजदूरों को फ्री में टिकट दे रही थी, जिसकी वजह से पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में कोरोना के मामलों में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई।

पीएम मोदी के बयान पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कहा कि ये वो लोग थे जिन्हें प्रधानमंत्री ने अकेला छोड़ दिया था। इन लोगों के पास घर जाने का कोई रास्ता बाकी नहीं था। ये लोग पैदल घर को लौट रहे थे। क्या पीएम चाहते थे कि इन लोगों की कोई मदद नहीं करे। आखिर मोदी जी क्या चाहते थे, वो आखिर क्या चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने जो बड़ी-बड़ी रैलियां की उसका क्या। अप्रैल 2021 में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में एक रैली आसनसोल में की। जहां उन्होंने कहा कि मैं इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर खुश हूं, मैं जहां देख सकता हूं मुझे लोग ही लोग दिख रहे हैं। यह रैली उस समय हुई थी जब भारत में प्रति दिन दो लाख से अधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे थे।
प्रियंका गांधी के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा, प्रधानमंत्री जी का ये बयान सरासर झूठ है। देश उम्मीद करता है कि जिन लोगों ने कोरोना काल की पीड़ा को सहा, जिन लोगों ने अपनों को खोया, प्रधानमंत्री जी उनके प्रति संवेदनशील होंगे। लोगों की पीड़ा पर राजनीति करना प्रधानमंत्री जी को शोभा नहीं देता।
गौर करने वाली बात है कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा में कहा कि दिल्ली में उस समय ऐसी सरकार थी जो है, उस सरकार ने जीप पर माइक बांधकर दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी में गाड़ी घुमाकर लोगों से कहा संकट बड़ा है, भागो,गांव जाओ, घर जाओ। दिल्ली से जाने के लिए बसें दी, आधे रास्ते छोड़ दिया। श्रमिकों के लिए अनेक मुसीबतें पैदा की। इसका कारण यह हुआ कि यूपी में, उत्तराखंड में, पंजाब में जहां कोरोना की इतनी तीव्रता नहीं थी, वहां इस बात के कारण कोरोना ने वहां भी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications