सूरत में बोले मोदी, सस्ती दवाओं के लिए हम ला रहे हैं कानून
गुजरात में इसी साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को गुजरात चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। गुजरात में लंबे समय से भाजपा की सरकार है।
सूरत। दो दिवसीय दौरे पर गुजरात गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह सूरत में 400 करोड़ रुपए की लागत से बने किरण मल्टीस्पेशिएलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। यह हॉस्पिटल सूरत के कतारगाम में बना है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार सूरत आए हैं।

अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फिलहाल सिस्टम कुछ ऐसा है कि डॉक्टर मरीजों को महंगी दवाई लिखकर देते हैं और मरीज को वो खरीदनी पड़ती हैं। केंद्र सरकार बहुत जल्द एक ऐसा कानून लाने जा रही है, जिससे डॉक्टर को सस्ती दवाई ही लिखनी पड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने दो महीने पहले ही निर्णय लिया कि दिल में लगने वाला 1.5 लाख का स्टेंट 20 से 22 हजार रुपए में मिलेगा। स्टेंट और दवाइयां सस्ती करने के मेरे फैसले से कई फार्मा कंपनियां भी नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि सरकारें देश नहीं चलाती हैं, देश जनता-जनार्दन चलाती है।
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूरत पहुंचे। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 किलोमीटर लंबा रोड शो हुआ। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सूरत शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे पीएम का काफिला सर्किट हाउस पहुंचा।
गौरतलब है कि गुजरात में इसी साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को गुजरात चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। गुजरात में लंबे समय से भाजपा की सरकार है। नरेंद्र मोदी लगातार 3 बार गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पिछले दिनों अहमदाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक रैली के दौरान कहा था कि इस बार विधानसभा चुनाव में 150 सीटें भाजपा का लक्ष्य होगा। भाजपा को उम्मीद है कि हाल ही में यूपी में मिली प्रचंड जीत और मोदी के विकास मंत्र के जरिए वो गुजरात में रिकॉर्ड बनाने में कामयाब हो जाएगी। ये भी पढ़ें- गुजरात में मुस्लिम बच्ची ने PM मोदी को दी सोने की गाय












Click it and Unblock the Notifications