राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को Z कैटेगरी की सुरक्षा, 27 जून को करेंगे नामांकन
नई दिल्ली, 24 जून: राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सरगर्मियां जोरों पर हैं, जहां एनडीए ने आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि उनके खिलाफ विपक्षी दलों ने यशवंत सिन्हा को उतारा है। चुनाव को देखते हुए गृह मंत्रालय ने अब एक अहम फैसला लिया, जिसके तहत सिन्हा को सीआरपीएफ की Z कैटेगरी सिक्योरिटी दी गई है। इससे पहले मुर्मू को गृह मंत्रालय ने Z+ कैटेगरी की सुरक्षा उपलब्ध करवाई थी।

वहीं दूसरी ओर सिन्हा अपना नामांकन 27 जून को दाखिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ विपक्षी दलों के कई नेता मौजूद रहेंगे। सिन्हा शुक्रवार से बिहार और झारखंड के दौरे पर हैं, वहां पर भी वो कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। सिन्हा लगातार बीजेपी और मोदी सरकार पर निशाना साध रहे। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि हमारे लिए ये तय करना जरूरी है कि हम बुलडोजर राज चाहते हैं या फिर संविधान का राज।
बीजेपी से हो गए थे नाराज
आपको बता दें कि करीब दो से ढाई दशक तक बीजेपी में सक्रिय रहकर देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले यशवंत सिन्हा ने आईएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था। 1937 में बिहार में एक कायस्थ परिवार में जन्मे यशवंत सिन्हा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त और विदेश जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों से उनकी बीजेपी के नए नेतृत्व से बन नहीं रही। जिस वजह से वो टीएमसी में शामिल हो गए। उनके बेटे जयंत सिन्हा अभी भी बीजेपी में हैं।












Click it and Unblock the Notifications