मुंबई: चेंबूर और विक्रोली की घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जताया दुख, अभी तक 23 लोगों की हो चुकी है मौत
मुंबई, जुलाई 18। मूसलाधार बारिश के कारण चेंबूर और विक्रोली में हुए हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गहरा दुख जताया है। रामनाथ कोविंद ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि इन दोनों घटनाओं में मारे गए लोगों की खबर से गहरा दुख पहुंचा है। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं सफल राहत और बचाव कार्य की कामना करता हूं।
Recommended Video

NDRF की टीमें लगी राहत बचाव के काम में
आपको बता दें कि मुंबई के चेंबूर और विक्रोली समेत निचले इलाकों मे भारी बारिश की वजह से जलभराव हो गया है। जलभराव की वजह से इन इलाकों में भूस्खलन और मकान ढहने की घटनाएं हो रही हैं। इन घटनाओं में अभी तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, चेंबूर इलाके में दीवार गिरने की वजह से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि विक्रोली में भारी बारिश के बाद एक मंजिला मकान ढहने से मलबे में दबकर 5 लोगों की मौत हो गई। इन दोनों ही जगहों पर NDRF की टीमें राहत बचाव के कार्य में जुटी हुई हैं।
पीएम कार्यालय ने की मुआवजे की घोषणा
इन दोनों घटनाओं में मारे गए परिजनों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम रिलीफ फंड से 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए के मुआवजे की घोषणा की गई है।
मुंबई के ये इलाके मूसलाधार बारिश से प्रभावित
आपको बता दें कि मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिसकी वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश से प्रभावित होने वाले इलाकों में बोरीवली पूर्व, कांदिवली पूर्व मुंबई का सियोन रेलवे स्टेशन, मीरा रोड, राम मंदिर, महालक्ष्मी, जूहु एयरपोर्ट, कोलावा, सांताक्रूज और भयांदर का इलाका शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications