Holi 2023: देशभर में होली की धूम, राष्ट्रपति-पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई
Holi 2023: देशभर में आज धूमधाम से होली का त्योहार मनाया जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी ने देशवासियों को होली की बधाई दी है।

पूरे देश में होली के रंगों की धूम मची हुई है। कोरोना महामारी के बाद यह ऐसी होली है, जब किसी तरह से लोगों के अंदर कोई डर नहीं है और लोग खुलकर अपने त्योहार का आनंद उठा रहे हैं। देशभर में धूमधाम से होली का पर्व मनाया जा रहा। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई राजनेताओं ने रंगों के त्योहार की बधाई दी।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
रंगों के इस पर्व की देशवासियों को नेताओं ने बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- "होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे।"
राष्ट्रपति ने किया ट्वीट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली को "उल्लास और उत्साह" का त्योहार बताते हुए कहा- "उल्लास और उमंग के पर्व होली की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह और भाईचारे का यह त्योहार हमारे विविधतापूर्ण समाज के जीवंत रंगों और सौहार्द का प्रतीक है। मेरी मंगल कामना है कि रंगों का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व नई ऊर्जा का संचार करे।"
गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा- रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास के त्योहार होली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह त्योहार आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि होली का त्योहार सबके जीवन में नए रंग भरे, देश पर एकता का रंग चढ़े।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "सभी देशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ। रंगों का ये त्योहार आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और ढेर सारी खुशियां लाए। समाज में हमारे आपसी भाईचारे की नींव और मजबूत हो।"












Click it and Unblock the Notifications