मौर्या होटल में ठहरेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। अब तय हो गया है कि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान सरदार पटेल मार्ग पर आईटीसी मौर्या होटल में ठहरेंगे। पहले इस बाबत ताज होटल का भी नाम लिया जा रहा था।

ओबामा से पहले यहां पर आए अधिकतर अमेरिकी राष्ट्रपति मौर्या में ठहर चुके हैं। गृह मंत्रालय और अमेरिकी दूतावास के बीच इस बाबत बातचीत के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मैनेजमेंट को सूचित कर दिया कि वे आगामी 15 जनवरी के बाद यहां के सुरक्षा इंतजाम खुद देखेंगे।
ट्रैफिक पर असर
ओबामा जब तक मौर्या होटल में ठहरेंगे तब तक होटल के आगे की सड़क को आम ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अफसर ने यह जानकारी दी। सारे रास्ते पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उनकी मदद करेंगे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान। हालांकि ओबामा की यात्रा के समय किसी धमकी या विरोध-प्रदर्शन की आशंका नहीं है लेकिन यदि ऐसा कुछ हुआ तो पुलिस उससे निपटने के लिए तैयार हैं।
क्लिंटन ठहरे थे
बिल क्लिंटन भी इसी होटल में ठहरे थे। तब अमेरिका के खुफिया विभाग ने पूरे होटल को अपने कब्जे में ले लिया था। तब होटल एक किले में तब्दील हो गया था।
मोदी-ओबामा वार्ता
जानकारों ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा 24 जनवरी को दिल्ली पहुंचेंगे। अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी करीब डेढ़ घंटे बातचीत होगी। इस बातचीत में व्यापार से लेकर आतंकवाद समेत सभी द्विपक्षीय मसलों पर चर्चा की उम्मीद है।
तैयारी परेड की
इस बीच, गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए हर साल करीब दो लाख लोग राजपथ पर पहुंचते है। इस साल उनकी संख्या बढ सकती है। अधिक से अधिक वीआईपी और आम लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था करने के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग अतिरिक्त जगह तैयार करने में जुटा है। गेट पर कहीं अधिक सख्त चेकिंग होगी।












Click it and Unblock the Notifications