शादी तय होने के कुछ दिनों बाद ही युवती की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंकी लाश, प्रेमी पर आरोप
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रयागराज में 21 साल की युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद शव को बोरी में भरकर ददनपुर स्थित रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। सुबह क्षत-विक्षत शव को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस मामले में युवती के घरवालों ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

युवती के घर वालों की शिकायत पर पूर्व परिचित युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घरवालों का आरोप है कि उसने ही हत्या करने के बाद ठिकाने लगाने के लिए शव को बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंका था। बताया जा रहा है कि युवती एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी और बुधवार को सुबह साढ़े 9 बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी।
बताया जा रहा है कि युवती को युवक ने कॉल करके बुलाया और अगवा कर लिया और फिर उसे जंगल में ले गया। वहीं, गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद शव को बोरे में भरकर रेलवे ट्रैक पर ले गया। ट्रेन की चपेट में आने से शव के दो टुकड़े हो गए। आरोप है कि इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
युवती की हत्या के बाद मोबाइल और एटीएम कार्ड भी गायब मिला। बुधवार को किसी ने एटीएम कार्ड इस्तेमाल कर पैसे भी निकाले। इसकी सूचना मिलने के बाद सीओ सिविल लाइंस ने बैंक को लिखकर उक्त खाता बंद कराया। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications