कांग्रेस से बात टूट गई तो बोले प्रशांत किशोर......'मेरी इतनी ताकत नहीं कि राहुल गांधी का रोल डिसाइड कर दूं'
नई दिल्ली, 28 अप्रैल: चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस से बात टूटने पर एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने पार्टी और इसके गांधी परिवार से जुड़े नेतृत्व को लेकर कई बातें कही हैं। उन्होंने मीडिया में चल रहे 600 स्लाइड वाली प्रेजेंटेशन के दावों को भी खारिज कर दिया है और कहा है कि दरअसल उन्होंने जो प्रेजेंटेशन कांग्रेस को दिया वह 8-9 घंटे से भी ज्यादा लंबा है। पीके के मुताबिक पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ही कांग्रेस की अकेली ऐसी नेता हैं, जिन्होंने उस पूरे प्रेजेंटेशन को देखा है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व को लेकर भी अपनी बात कही है।

आप मुझे जरूरत से बहुत ज्यादा बड़ा बनाकर दिखा रहे हैं...कि मेरी इतनी ताकत है कि मैं राहुल गांधी का रोल डिसाइड कर दूं....
कांग्रेस से हुई बातचीत पर बोले प्रशांत किशोर
हिंदी न्यूज चैनल आजतक के एक कार्यक्राम में चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने की संभानाओं के टूटने को लेकर एक इंटरव्यू दिया है। इसमें उन्होंने कई सवालों का जवाब दिया है, हालांकि कुछ बातों को गोपनीय रखने की कोशिश की है। इस इंटरव्यू में पीके ने कहा है कि कांग्रेस को उनकी जरूरत नहीं है और वह खुद को फिर से खड़ी करने में खुद ही सक्षम है। दो दिन पहले ही उन्होंने घोषणा की थी कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के पार्टी के 'उदार प्रस्ताव' को ठुकरा दिया है।
'मुझे एम्पॉवर्ड ऐक्शन ग्रुप को लेकर कुछ संदेह था'
उन्होंने कहा है, 'पार्टी के भविष्य की योजना के संबंध में कांग्रेस नेतृत्व और मैं कई चीजों पर सहमत थे। लेकिन, वे ये खुद से कर सकते हैं, उनके पास इतने बड़े नेता हैं। उन्हें मेरी आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ऑफर दिया और मैंने मना कर दिया।' पीके ने कहा है कि 'मैं जो कहना चाहता था, उनसे कह दिया। 2014 के बाद पहली बार पार्टी ने अपने भविष्य को लेकर इतने संरचित तरीके से चर्चा की है.....लेकिन, मुझे एम्पॉवर्ड ऐक्शन ग्रुप को लेकर कुछ संदेह था, जिसका वो मुझे भी हिस्सा बनाना चाहते थे।'
उनके मुताबिक वह पार्टी में कोई भूमिका नहीं चाहते थे, लेकिन केवल यह चाहते थे कि एक बार भविष्य के लिए एक खाका तैयार हो जाए, तो इसे लागू किया जाना चाहिए।
2024 के लोकसभा चुनाव के बारे बोले पीके
बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस के भविष्य के बारे में पूछे गए सवाल पर प्रशांत ने कहा कि 'इस पार्टी की जड़ें बहुत ही गहरी हैं। यह कहना गलत होगा कि ये खड़े नहीं हो सकते। लेकिन इनको कुछ बदलाव करने की जरूरत है।' उन्होंने कहा कि 'मैं नहीं जानता कि 2024 में पीएम मोदी को कौन चुनौती देगा।' इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ दिया कि 'राज्यों के चुनावों से लोकसभा चुनाव का अनुमान नहीं लगाया जा सकता।'
राहुल और प्रियंका गांधी पर प्रशांत किशोर
जब पीके की बात कांग्रेस से टूट गई तो ऐसी खबरें आईं कि वे प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दे रहे थे, लेकिन कांग्रेस आलाकमान इस पर राजी नहीं हुआ। पीके ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि 'पार्टी को नेतृत्व का जो फॉर्मूला दिया गया था, उसमें ना तो राहुल गांधी और ना ही प्रियंका गांधी का नाम था। जो प्रस्ताव निजी तौर पर दिया गया, वह मैं आपको नहीं बता सकता।'
राहुल गांधी के बारे में सीधे सवाल पूछ लिए जाने पर प्रशांत किशोर बोले- "आप मुझे जरूरत से बहुत ज्यादा बड़ा बनाकर दिखा रहे हैं...कि मेरी इतनी ताकत है कि मैं राहुल गांधी का रोल डिसाइड कर दूं....कि मेरी इतनी ताकत है कि मैं डिसाइड करूं कि मेरा रोल क्या होगा कांग्रेस में... ये बात नहीं है।" पीके ने यह भी कहा है कि कांग्रेस के भविष्य के लिए सुझाव देने की एवज में उन्होंने पार्टी से कोई पैसे नहीं लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications