गरीबों को दिसंबर 2028 तक मुफ्त मिलेगा अनाज, जानिए मोदी कैबिनेट के बड़े और अहम फैसले
PM Modi Cabinet Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार 09 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक हुई। इस बैठक में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को कैबिनेट की तरफ से मंजूरी दे दी गई। बैठक में लिए गए कई अहम और बड़े फैसलों के बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'आज कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (पीएमजीकेएवाई) और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत जुलाई, 2024 से दिसंबर, 2028 तक मुफ्त फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति जारी रखने को मंजूरी दी। उम्मीद है कि इससे एनीमिया और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी कम होगी।

इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि कुल वित्तीय भार 17,082 करोड़ रुपये होगा और 100% वित्त पोषण केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य 80 करोड़ नागरिकों को आवश्यक विटामिन और खनिजों से समृद्ध करके सीधे लाभ पहुंचाना है, जिससे एनीमिया जैसी व्यापक स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान हो सके।
उन्होंने कहा कि आज मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है कि गुजरात के लोथल में एक राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर विकसित किया जाएगा। प्रस्ताव का उद्देश्य समृद्ध और विविध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करना और दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री विरासत परिसर बनाना है। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया है।
आज कैबिनेट ने राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में 4,406 करोड़ रुपये के निवेश से 2,280 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की आजीविका को बढ़ाना है और यहां के लोगों के लिए यात्रा को आसान बनाना है।
इन इलाकों की राजमार्ग नेटवर्क के साथ कनेक्टिविटी बनाना है। यह कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका पर बड़ा प्रभाव डालेगा।












Click it and Unblock the Notifications