पीएनबी घोटाले पर शिवसेना का हमला, 'पीएम मोदी की नाक के नीचे से भाग गया नीरव मोदी'
पंजाब नेशनल बैंक में 11500 करोड़ रुपए के घोटाले और मुख्य आरोपी नीरव मोदी के देश से बाहर जाने के बाद अब केंद्र की मोदी सरकार में सहयोगी दल भी निशाना साध रहे हैं।
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 11500 करोड़ रुपए के घोटाले और मुख्य आरोपी नीरव मोदी के देश से बाहर जाने के बाद अब केंद्र की मोदी सरकार में सहयोगी दल भी निशाना साध रहे हैं। एनडीए के घटक दल शिवसेना ने घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कयांदे ने शनिवार को कहा, 'मोदी जी ने सपना दिखाया था- ना खाऊंगा और ना खाने दूंगा, लोगों ने इसलिए जी भरके वोट दिए, लेकिन ये क्या हो रहा है? सामान्य आदमी आज बैंक से डरता है और ललित मोदी, नीरव मोदी, विजय माल्या सरकार की नाक के नीचे से सब भाग गए।'

इससे पहले कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। कपिल सिब्बल ने शनिवार को कहा, 'हमारे देश के जो चौकीदार हैं, वो पकौड़े बनाने की सलाह दे रहे हैं। आज की परिस्थितियां ये हैं कि चौकीदार सो रहा है और चोर भाग गया है। प्रधानमंत्री यह खुलासा करने से क्यों इंकार कर रहे हैं कि उनके साथ आधिकारिक यात्राओं पर कौन-कौन यात्राएं करते हैं। क्या यही वो 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' है, जिसका पीएम जिक्र करते हैं।'
'यूपीए की देन है घोटाला'
आपको बता दें कि पीएनबी में घोटाला सामने आने के बाद भाजपा पर चौतरफा हमला हो रहा है। हालांकि अपने ऊपर लग रहे आरोपों के जवाब में भाजपा का कहना है कि यह घोटाला कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के समय का है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि जो गलत कर्ज़े दिए गए वो UPA की देन हैं और हमको ये सब विरासत में मिला है। ये बैंक का घोटाला है, सरकार का नहीं।












Click it and Unblock the Notifications