पीएनबी घोटाला मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, नीरव मोदी का करीबी गिरफ्तार
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ रुपए के घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के करीबी और फायरस्टार ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट (फाइनेंस) श्याम सुंदर वाधवा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने वाधवा को सात दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया है। ईडी पीएनबी घोटाले में श्याम सुंदर वाधवा की संलिप्तता की जांच कर रही है। ईडी के अधिकारी ने बताया कि वाधवा को मुंबई में मंगलवार रात पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

वाधवा ने की है मोदी की मदद!
इस मामले में एजेंसी द्वारा यह पहली गिरफ्तारी है। ऐसा माना जा रहा है कि इस घोटाले में वाधवा ने नीरव मोदी की मदद की है और वह उसके कई राज जानता है। जानकार सूत्रों ने कहा कि वाधवा पर नीरव मोदी के स्वामित्व वाली फायरस्टार इंटरनेशनल और फायरस्टार डायमंड इंटरनेशनल के साथ बेईमानी से लेनदेन करने का आरोप है।

ईडी लगातार कर रही कार्रवाई
इस मामले में मुख्य आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी हैं। जांच एजेंसी इन दोनों की लगभग 8 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है। वहीं नीरव मोदी के खिलाफ जांच के दौरान जांच एजेंसियों को कई ऐसी छिपी हुई संपत्ति की जानकारी मिली है जिसकी कीमत करोड़ो रुपए में है। इस जांच के दौरान कई ऐसे लोग भी सामने आए हैं जो कि काले धंधे में लगे हुए हैं।

नीरव मोदी की संपत्ति में कीमती पेंटिग्स
जांच एजेंसियों को नीरव मोदी की संपत्ति की तलाश के दौरान 170 पेंटिंग्स मिली है जोकि काफी जाने-माने कलाकारों की हैं और इनकी कीमत करोड़ो रुपए हैं। जो पेंटिंग्स मिली हैं उसमे जेमिनी राय, राजा रवि वर्मा, रवींद्र नाथ टैगोर, रामकिंगर बैज, नंदलाल बोस, गगनेंद्र नाथ टैगोर, अकबर पद्मशी और एफएन डिसूजा जैसे कलाकार शामिल हैं। इन पेंटिंग की कीमत करोड़ो रुपए में है।












Click it and Unblock the Notifications