पीएम किसान निधि सम्मान की 9वीं किश्त आज होगी जारी, 9.75 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली, 09 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 9वीं किश्त को आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जारी करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12.30 बजे पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त को जारी करने के दौरान देश को लोगों को भी संबोधित करेंगे और इस योजना से जुड़े लाभ की चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस बाबत एक विज्ञप्ति भी जारी की गई है जिसमे जानकारी दी गई है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 19500 करोड़ रुपए की राशि 9.75 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को जारी की जाएगी।

इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योजना के लाभार्थी किसानों से बात करेंगे और देश को संबोधित करेंगे। बता दें कि पीएम किसान योजना के तहत किसानों को हर साल 6000 रुपए सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं, यह राशि साल में तीन बार 2-2 हजार रुपए की किश्तों में किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाती है। हर चौथे महीने पर किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाते हैं। इस योजना के तहत किसानों के खाते में अभी तक 1.38 लाख करोड़ रुपए की राशि को ट्रांसफर किया जा चुका है।
इससे पहले 14 मई को पीएम मोदी ने 8वीं किश्त को जारी किया था। पिछली बार कुल 90 मिलियन यानि तकरीबन 9 करोड़ लोगों के बैंक खाते में इस योजना की आठवी किश्त को ट्रांसफर किया गया था। पिछली बार भी प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 8वीं किश्त जारी की थी। गौर करने वाली बात है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना मोदी सरकार की अहम योजनाओं में से एक है, जिसका सीधा लाभ देश के करोड़ो किसानों को होता है।












Click it and Unblock the Notifications