सिख दंगे पर सैम पित्रोदा के बयान पर पीएम मोदी ने कही यह बड़ी बात
नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की ओर से 1984 सिख विरोधी दंगों को लेकर दिए बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशाना साधा है। पीएम मोदी के हरियाणा के रोहतक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पित्रोदा की टिप्पणी कांग्रेस के अहंकार और चरित्र को दर्शाती है। इसके बाद पंजाब के होशियारपुर में रैली को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने सिख दंगों को लेकर कहा कांग्रेस के दामन में एक और ऐसा दाग है, जो वो कभी साफ नहीं कर सकती।

पीएम मोदी ने कहा कि क्या पंजाब 1984 के दंगों को भुला सकता है? 1984 में जो कुछ भी हुआ, उसके लिए कौन जिम्मेदार है। पीएम ने कहा की तीन दशकों से मेरे सिख भाइयों और बहनों के साथ अन्याय होता रहा है और अब कांग्रेस ने कह दिया कि हुआ तो हुआ। ऐसी कांग्रेस को पंजाब माफ कर सकता है क्या? कांग्रेस ने 3 दशक तक सिर्फ बहाने बनाकर, आयोग बनाकर पीड़ित सिख भाई बहनों के साथ अन्याय किया। नके घावों पर कभी नमक छिड़का, कभी एसिड छिड़का है।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस का अहंकार सातवें आसमान पर पहुंचा है। कांग्रेस कह रही है कि हुआ तो हुआ। कांग्रेस के लिए जो हुआ वो हो चुका होगा, लेकिन इस चौकीदार के रहते इंसाफ पूरा होगा। 2014 में मैंने सिख समुदाय से वादा किया था कि सिखों के कातिलों को ये चौकीदार छोड़ेगा नहीं। हमने सरकार में आते ही धूल फांकती फाइलों को ढूंढा। जिन नामदारों को बचाने के लिए कांग्रेस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था उनको इस चौकीदार ने जेल पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें- सिख दंगे पर दिए बयान पर सैम पित्रोदा ने मांगी माफी, बोले- मेरी हिन्दी अच्छी नहीं












Click it and Unblock the Notifications