पीएम नरेंद्र मोदी ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से की फोन पर बात, तालिबान समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने ब्रिटिश समकक्ष बोरिस जॉनसन के साथ फोन पर बात की है। दोनों नेताओं की बातचीत में तालिबान, कोरोना महामारी और दोनों देशों के बीच रिश्तों की बेहतरी को लेकर बात हुई। पीएम मोदी और बोरिस जॉनसन ने अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति पर इस बात को लेकर सहमत हुए कि तालिबान के साथ एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण की आवश्यकता है। अफगानिस्तान में मानवाधिकारों की स्थिति को लेकर भी दोनों नेताओं में बात हुई।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से बातचीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, प्राइम मिनिस्टर बोरिस जॉनसन से बात करने का अनुभव शानदार रहा। हमने बातचीत में भारत-यूके एजेंडा 2030 पर प्रगति की समीक्षा की। ग्लासगो में आगामी सीओपी-26 के संदर्भ में जलवायु परिवर्तन पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके साथ ही अफगानिस्तान और दूसरे अहम मुद्दों पर भी बात की।
ब्रिटेन के पीएम ऑफिस ने ये कहा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय डाउनिंग स्ट्रीट ने इस बातचीत को लेकर बताया कि ब्रिटेन के भारतीय टीके को प्रमाणित करने का दोनों पक्षों ने स्वागत किया है। डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा, प्रधानमंत्री जॉनसन और प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी से निपटने और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सतर्कतापूर्वक तरीके से शुरू करने पर चर्चा की। वे इस बात पर सहमत हुए कि ब्रिटेन का भारतीय टीके को प्रमाणित करना, इस दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है।
डाउनिंग स्ट्रीट की ओर से जारी बयान में आगे कहा गया है कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-ब्रिटेन व्यापार और रक्षा वार्ता की समीक्षा तथा जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर भी चर्चा की है। जॉनसन ने बातचीत में यूके-भारत संबंधों की मजबूती पर चर्चा करते हुए 2030 रोडमैप पर हुई प्रगति का स्वागत किया जिस पर मई में प्रधानमंत्री जॉनसन और प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सहमति दी थी।












Click it and Unblock the Notifications