जानिए क्या है अर-अर्बन मिशन
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले के कुरुभात नामक स्थान से राष्ट्रीय आर-अर्बन मिशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आर-अर्बन मिशन 'ग्रामीण आत्मा और शहरी सुविधाओं' से युक्त कलस्टर आधारित विकास करने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना स्मार्ट गांवों का निर्माण करके स्मार्ट शहरों की पहल की पूरक बनेगी। उन्होंने आर-अर्बन कलस्टरों को आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बताया जो विकास को प्रोत्साहित करेंगे और आसपास के गांव में जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाएंगे।

प्रधानमंत्री ने खुले में शौच मुक्त स्थिति प्राप्त करने के लिए आस-पास के इलाके के गांवों और समुदायों को बधाई दी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने इसी स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का दौरा किया जिसमें विकास योजनाओं और हस्तशिल्प के कार्यान्वयन को प्रदर्शित किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का शिलान्यास
नरेन्द्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण होने वाली आवासीय योजना की आधारशिला का शिलान्यास किया। छत्तीसगढ़ के नया रायपुर में आयोजित एक समारोह मे नरेन्द्र मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर की आधारशिला का अनावरण किया और छत्तीसगढ की नवाचार और उद्ममिता विकास नीति का विमोचन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना घर बनाने में असमर्थ लोगों को सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ आधारभूत ढांचे का निर्माण न होकर गरीबों के सपने को सच करने का एक माध्यम होगी। मोदी ने कहा कि इस योजना से आर्थिक गतिविधियों को बढावा मिलेगा।
उन्होंने सभी राज्यों के स्थानीय निकायों से योजना के क्रियान्वयन में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का आव्हान भी किया। उन्होंने इसे वर्ष 2022 तक सभी को आवास उपलब्ध कराने की नीति की दिशा में उठाया गया कदम करार दिया। प्रधानमंत्री ने नवाचार और उद्ममिता विकास नीति के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना की और कहा कि विगत पचास वर्ष में नवाचार पर ध्यान केंद्रित करने वाले देशों को सफलता प्राप्त हुई है और इन देशो में आर्थिक समृद्धि देखी गई है।












Click it and Unblock the Notifications