महंगाई, बढ़ती उम्र से लेकर जनधन खाते पर क्या बोले पीएम मोदी? पढ़ें इंटरव्यू की 5 बड़ी बातें
देश में भारत और India को लेकर चल रही बहस के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को Moneycontrol वेबसाइट को दिए साक्षात्कार में हर उस सवाल का जवाब दिया जिसे लेकर विपक्ष हंगामा करता आया है। पीएम मोदी ने महंगाई, जनधन खाता, G-20 से लेकर अपनी बढ़ती उम्र को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
पीएम मोदी से महंगाई पर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जहां तक भारत का सवाल है, हमने महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कई जरूरी कदम उठाए हैं। प्रतिकूल परिस्थितियों और वैश्विक गतिशीलता के बावजूद, भारत की मुद्रास्फीति 2022 में वैश्विक औसत मुद्रास्फीति दर की तुलना में दो प्रतिशत अंक कम थी। फिर भी, हम इस पर रुकने वाले नहीं हैं और लोगों के जीवन को सरल बनाने के लिए जन-समर्थक निर्णय लेना जारी रख रहे हैं। नीचे पढ़ें बढ़ती उम्र में पूरी ऊर्जा के साथ काम करने को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा...

पीएम मोदी से जब पूछा गया कि आप 72 वर्ष के हैं, लेकिन आपकी ऊर्जा का स्तर बहुत ज्यादा है और ऐसी क्या चीज है जो आपको इतना अधिक सक्रिय रखती है? तो उन्होंने इस पर जवाब देते हुए कहा कि दुनिया भर में ऐसे कई लोग हैं जो किसी मिशन के लिए अपनी ऊर्जा, समय और संसाधनों का पूरा उपयोग करते हैं। ऐसा नहीं है कि मैं इस मामले में अकेला या असाधारण हूं। राजनीति में प्रवेश करने से पहले कई दशकों तक, मैं समाज के साथ जमीनी स्तर पर, लोगों के बीच सक्रिय रूप से काम कर रहा था। इस अनुभव का एक फायदा यह हुआ कि मैं ऐसे कई प्रेरणादायक लोगों से मिला, जिन्होंने खुद को पूरी तरह से एक उद्देश्य के लिए समर्पित कर दिया।
G-20 पर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G-20 पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत के लिए G20 की अध्यक्षता एक चुनौती जैसी थी लेकिन हमने उसे पार किया। अब तक, सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 60 शहरों में 220 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं। लगभग 125 देशों के 1 लाख से अधिक प्रतिनिधियों ने भारत का दौरा किया है। हमारे देश में 1.5 करोड़ से अधिक लोग इन कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं या इनके विभिन्न पहलुओं से अवगत हुए हैं।
देश की अर्थव्यवस्था पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और यह वास्तव में बहुत अधिक महत्वपूर्ण है। लेकिन भारत ने जिस तरह से इस उपलब्धि को पाई वह सोचने वाली चीज है। यह उपलब्धि इसलिए मिली क्योंकि यहां एक ऐसी सरकार है जिसपर लोगों को भरोसा है और सरकार को भी लोगों की क्षमता पर भरोसा है। इस देश की जनता ने एक बार नहीं बल्कि दो बार हमें जनादेश दिया। पहला जनादेश हमारे द्वारा किए वादों को लेकर था। दूसरा, इससे भी बड़ा जनादेश 2019 में हमारे प्रदर्शन और योजनाओं को मिला।
जनधन खाते पर क्या बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज जनधन-आधार-मोबाइल के कारण गरीब लोगों को काफी सहायता मिल रही है। सबसे गरीब और सबसे कमजोर लोग खुद को सशक्त महसूस कर रहे हैं क्योंकि कोई भी उनके अधिकारों को छीन नहीं सकता है। महामारी के दौरान जिस तरह तकनीक ने हमें करोड़ों लोगों तक सहायता पहुंचाने में मदद की, उसे हमेशा याद रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications