'कई लोगों की नींद उड़ गई होगी', इशारों-इशारों में PM मोदी ने किस पर साधा निशाना? क्या है थरूर के मन में?
PM Narendra Modi and Shashi Tharoor: पीएम मोदी ने आज केरल के तिरुवनंतपुरम में 8900 करोड़ की लागत से बने विझिनजाम इंटरनेशनल डीप सी-वाटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित भी किया। अपने रोचक भाषण के लिए मशहूर पीएम मोदी ने जहां एक तरफ विझिनजाम बंदगाह की खूबियां गिनाईं वहीं दूसरी ओर एक मजेदार तंज भी कसा जिससे विपक्ष के गलियारों में खलबली मच गई है।
दरअसल इस भव्य कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ स्टेज पर केरल के CM पिनराई विजयन और कांग्रेस के लोकप्रिय नेताओं में से एक शशि थरूर भी थे।

मालूम हो कि पीएम ने मंच से कहा कि ' मैं सीएम विजयन से कहना चाहूंगा कि आप INDI गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं, शशि थरूर भी यहां बैठे हैं। आज का यह कार्यक्रम कई लोगों की नींद उड़ाने वाला है। जहां मैसेज जाना था चला गया।' यही नहीं अपने भाषण को खत्म करने के बाद पीएम मोदी मंच पर थरूर से गर्मजोशी के साथ हाथ भी मिलाते नजर आए।
'PM नरेंद्र मोदी का स्वागत करने में कामयाब रहा'
एक और खास बात आपको बता देते हैं कि इस आयोजन से पहले शशि थरूर ने एक ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि ' दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी के बावजूद, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरे निर्वाचन क्षेत्र में आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए समय पर तिरुवनंतपुरम में उतरने में कामयाब रहा। विझिनजाम बंदरगाह के आधिकारिक रूप से चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं, एक ऐसी परियोजना जिसके शुरू होने से ही मैं इससे जुड़ा रहा हूं, इस पर मुझे गर्व है।'
'क्या थरूर भाजपा ज्वाइन करने वाले हैं' (Narendra Modi and Shashi Tharoor)
थरूर का ट्वीट, मोदी का भाषण और हैंडशेक वाली तस्वीरों ने कांग्रेस के अंदर कितनी खलबली मचाई है ये तो अभी कहना मुश्किल है लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि इस बात ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त ढंग से हलचल पैदा कर दी है और एक बार फिर से ये सवाल लोग पूछ रहे हैं कि 'क्या थरूर भाजपा ज्वाइन करने वाले हैं? '
शशि थरूर और बीजेपी के बीच कुछ पक रहा है?
मालूम हो कि पिछले काफी वक्त से शशि थरूर की तस्वीरें भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि थरूर से जब इस बारे में सवाल किया जाता है तो वो या तो अपनी डिफरेंट इंग्लिश की तरह लोगों को जवाब देते हैं, जिसका अर्थ निकालना हर किसी के लिए संभव नहीं है, या फिर वो मुस्कुराकर टाल देते हैं।
हालांकि इस बार पीएम मोदी ने उनको लेकर बात की है तो इसलिए लोगों को लगता है कि कुछ तो है जो शशि थरूर और बीजेपी के बीच पक रहा है?
क्या राहुल-सोनिया थरूर से नाराज हैं? (Narendra Modi and Shashi Tharoor)
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राहुल-सोनिया गांधी यानी कि कांग्रेस के शीर्ष नेता शशि थरूर से खुश नहीं हैं। उनका भाजपा के प्रति नरमी दिखाना, पीएम मोदी की खुलकर प्रशंसा करना उन्हें रास नहीं आता है। वो शशि थरूर से तब से नाराज चल रहे हैं , जबसे उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ा था, वो सीडब्ल्यूसी में तो हैं लेकिन एक्टिव मेंबर नहीं हैं, पार्टी ने उन्हें अनदेखा भी किया है।
मेरे पास और भी विकल्प है: शशि थरूर
18 फरवरी 2025 को शशि थरूर ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी और उसके बाद मीडिया में बयान दिया था कि 'अगर कांग्रेस को उनकी जरूरत नहीं है तो उनके पास और भी विकल्प है।' तब ही से कयास लगाए जा रहे हैं कि केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर शायद पाला बदल सकते हैं।
कांग्रेस से क्यों नााराज हैं शशि थरूर? (Narendra Modi and Shashi Tharoor)
शशि थरूर कभी सोनिया गांधी के काफी करीबी कहे जाते थे लेकिन आज वो साइडलाइन हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक थरूर की इच्छा है कि कांग्रेस उन्हें केरल में सीएम फेस घोषित करे लेकिन पार्टी ने ऐसा नहीं किया और ना ही पार्टी में कोई अहम पद दिया है, जिसकी वजह से शशि थरूर नाराज हैं।
कांग्रेस के अंदर शशि थरूर का अपना गुट?
लेकिन प्रश्न ये है कि हो सकता है कि शशि थरूर बीजेपी में आने की इच्छा रखते हों लेकिन क्या भाजपा उन्हें अपने यहां चाहती है? इसमें कोई शक नहीं है कि शशि थरूर की एक अपनी फैन फॉलोइंग है, वो तिरुवनंतपुरम से चार बार सांसद चुने गए हैं।
जब उन्होंने खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़ा था तो उनके पक्ष में 1072 वोट पड़े थे और खड़गे को 8797 वोट मिले थे, हालांकि दोनों के वोट में काफी फर्क है लेकिन खास बात ये है कि कांग्रेस के 1072 लोग चाहते थे शशि थरूर अध्यक्ष बने, जिसका सीधा मतलब ये है कि पार्टी के अंदर थरूर का एक ग्रुप है।
क्या भाजपा थरूर को अपनाएगी?
लेकिन थरूर का जीवन चक्र बहुत सारे सवालों के घेरे में भी रहा है, उनकी पर्सनल लाइफ हमेशा से लोगों के बीच में चर्चा का विषय रहती है, जो कहीं ना कहीं उनकी छवि को धूमिल भी करती है, ऐसे में साफ-सुथरे नेताओं का दावा करने वाली भाजपा थरूर को अपनाएगी,ये एक बड़ा सवाल है।
वैसे थरूर के आने पर केरल में भाजपा की तस्वीर बदल सकती है ऐसा राजनीतिक दिग्गज मानते हैं लेकिन अटकलें हमेशा सही हों ये संभव नहीं लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि पीएम मोदी की बातों ने खलबली तो जरूर ही मचा दी है।
'प्रधानमंत्री ही वह व्यक्ति होंगे जिनकी रातों की नींद उड़ जाएगी'
तभी तो कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को कहना पड़ा कि , "मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री ऐसा क्यों कह रहे हैं, प्रधानमंत्री ही वह व्यक्ति होंगे जिनकी रातों की नींद उड़ जाएगी, न कि भारत गठबंधन, राहुल गांधी या कांग्रेस। हम जाति जनगणना के मुद्दे पर उन पर अधिकतम दबाव बनाने जा रहे हैं। उन्होंने इसे महिला आरक्षण विधेयक की तरह घोषित किया है, हम तो चैन की नींद सो लेंगे, लेकिन प्रधानमंत्री के लिए सोना मुश्किल होने वाला है।'












Click it and Unblock the Notifications