इजरायल के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशालकाय पोस्टर लगे
नई दिल्ली। इजरायल में होने वाले चुनाव में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पोस्टर देखने को मिल रहा है। इन पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ देखे जा सकते हैं। इस पोस्टर को इजरायल के पत्रकार अ्मिचे स्टेन ने ट्विटर पर साझा किया है। जिसमे उन्होंने लिखा है कि नेतन्याहू के चुनाव प्रचार में पुतिन, ट्रंप और मोदी हैं। यह पोस्टर एक बिल्डिंग के बाहर उसकी दीवार पर काफी विशाल आकार में लगी है।

17 सितंबर को चुनाव
बता दें कि इजरायल में 17 सितंबर को चुनाव होना है, इसी मद्देनजर हर जगह चुनाव प्रचार से संबंधित पोस्टर देखने को मिल रेह हैं। अपने चुनाव प्रचार में नेतन्याहू लोगों के बीच वैश्विक स्तर पर अपनी कूटनीतिक सफलता को रख रहे हैं। साथ ही पोस्टर के जरिए यह दिखाने की कोशिश हो रही है कि कैसे उन्होंने इजरायल के संबंध दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ बेहतर किए हैं। यहां यह गौर करने वाली बात है कि नेतन्याहू इजरायल के इतिहास में सबसे लंबे समय तक बतौर प्रधानमंत्री अपनी सेवा देने वाले नेता हैं। लेकिन बावजूद इसके इस बार के चुनाव उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण हैं।
दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ते
भारत और इजरायल के बीच आर्थिक रिश्ते काफी मजबूत हैं, इसके अलावा सैन्य और रणनीतिक तौर पर भी दोनों देशों के रिश्ते काफी दृढ़ हैं। पिछले कुछ वर्षों की बात करें तो दोनों ही देशों के बीच रिश्तों में और भी मजबूती देखने को मिली है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के दौरे पर गए थे। इस दौरान पीएम मोदी का नेतन्याहू ने जबरदस्त स्वागत किया था। दोनों नेताओं की मुलाकात ना सिर्फ भारत और इजरायल बल्कि दुनियाभर में सुर्खियां बनी थी।
पीएम मोदी को दी थी बधाई
बता दें कि बेंजामिन नेतन्याहू पहले वर्ल्ड लीडर थे जिन्होंने पीएम मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि इस चुनाव में जबरदस्त जीत के साथ ही उनकी दोस्ती और दोनों देशों के बीच रिश्ते और भी मजबूत होंगे। गौरतलब है कि भारत और इजरायल के बीच सैन्य क्षेत्र में काफी अहम करार हैं और इजरायल सैन्य क्षेत्र में भारत को आधुनिक तकनीक मुहैया कराता है।












Click it and Unblock the Notifications