कोरोना से लगातार बिगड़ रहे हालात, पहली बार राज्यपालों के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी
यह बैठक बुधवार को शाम 6 बजे होगी और इसमें उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली, अप्रैल 13: देश में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार फिलहाल थमती हुई नजर नहीं आ रही है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात और देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस से हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि संक्रमण के कारण जान गंवा रहे लोगों के अंतिम संस्कार तक के लिए श्मशान में इंतजार करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पहली बार सभी राज्यपालों और उप राज्यपालों के साथ कोरोना वायरस के हालात को लेकर बैठक करेंगे।

Recommended Video
यह बैठक बुधवार को शाम 6 बजे होगी और इसमें उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि अप्रैल में मिले कोरोना वायरस के नए मामलों ने पिछले साल के पीक को भी पीछे छोड़ दिया है। हाल ही में 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी और इस बात पर जोर दिया था कि कोरोना वायरस के हालात को संभालने में राज्यपालों और उप-राज्यपालों को भी शामिल किया जाए।
12,64,698 तक पहुंचे देश में एक्टिव केस
पीएम मोदी ने इस बैठक के दौरान कहा था, 'लोगों ने कोरोना वायरस महामारी को हल्के में लेना शुरू कर दिया है। मेरा सुझाव है कि राज्यपाल और उपराज्यपाल अपने राज्य के मुख्यमंत्री के साथ धर्म गुरुओं, लेखकों और सिविल सोसाइटी के लोगों से संपर्क साधें और आम जनता को कोरोना वायरस महामारी के प्रति जागरुक करें।' माना जा रहा है कि बुधवार को होने वाली बैठक में पीएम मोदी एक बार फिर महामारी के खिलाफ राज्यपालों से आगे आने की अपील कर सकते हैं। आपको बता दें कि मंगलवार को जारी स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक दिन में कोरोना वायरस के 1,61,736 नए मरीज मिले हैं। दैनिक मामलों में लगातार हो रहे इजाफे के कारण एक्टिव केस भी बढ़कर 12,64,698 तक पहुंच गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications