प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे मंत्री समूह की पहली बैठक
नई दिल्ली। तमाम मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने मंत्रिमंडल के सभी 57 मंत्रियों के साथ पहली बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि मंत्री समूह की इस बैठक में पीएम मोदी सरकार के अगले पांच साल की कार्ययोजना पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी इस बैठक में तमाम मंत्रालयों के सचिवों के साथ हुई बैठक के मुख्य बिंदुओं पर भी चर्चा कर सकते हैं। इस बैठक के दौरान सचिवों की ओर से जो मुख्य चुनौतियां सरकार के सामने हैं, उसपर चर्चा हो सकती है कि आखिर इन चुनौतियों से कैसे निपटा जाए।

सोमवार को तमाम मंत्रालयों के सचिवों के साथ हुई बैठक में जो अहम मुद्दे सामने आए हैं उसकी प्राथमिकता के हिसाब से आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार के सामने लोगों के जीवन स्तर को सुधारना, गरीबी को कम करना, भारत की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना और जिलों को महत्ता देना अहम विषय है। प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में राज्य मंत्रियों के कामकाज पर भी चर्चा कर सकते हैं कि कैसे ये मंत्री कैबिनेट मंत्रियों की राय लेकर अपनी जिम्मेदारियों का वहन कर सकते हैं।
मंत्री समूह की बैठक से पहले कैबिनेट मंत्रिमंडल की भी बैठक होगी। बता दें कि एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में संसद का सत्र अगले हफ्ते से शुरू होगा, ऐसे में राज्य मंत्रियों की काफी अहम भूमिका होगी। कई मंत्रालयों में इन मंत्रियों पर संसद के पटल में पूछे गए सवालों के जवाब देना उनकी अहम जिम्मेदारी है। जिस तरह से पीएम मोदी ने इन राज्यमंत्रियों को अगले 100 दिन की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है, उसके बाद पीएम मोदी इन मंत्रियों से पूछ सकते हैं कि आखिर अगले 100 दिन का उनके दिमाग में क्या लक्ष्य है।












Click it and Unblock the Notifications