कोवैक्सीन को मान्यता देने पर पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम मॉरिसन को दिया धन्यवाद
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने यात्रा को लेकर भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को मान्यता दे दी है। इसको लेकर पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन का आभार व्यक्त किया है।
नई दिल्ली, 1 नवंबर। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने यात्रा को लेकर भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को मान्यता दे दी है। इसको लेकर पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के इस फैसले को भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी में सबसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैं अपने प्रिय मित्र स्कॉट मॉरिसन को भारत की कोवैक्सीन को ऑस्ट्रेलिया की मान्यता के लिए धन्यवाद देता हूं। यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच COVID के बाद की साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम है।'
समाचार एजेंसी एएनआई में छपी खबर के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिआई सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि थैरेप्यूटिक गुड्स एडमिनिस्ट्रेशन (TGA) ने कोवैक्सीन को मान्यता देने का फैसला किया है। यानी अब कौवैक्सीन लगवाने वाले भारतीय यात्री (12 या इससे अधिक उम्र के लोग) आस्ट्रेलिया में आसानी से एंट्री कर सकेंगे। भारत की कोवैक्सीन के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने चीन में बनी BBIBP-CorV को भी मान्यता दी है। BBIBP-CorV वैक्सीन को चीन की सिनोफार्म कंपनी ने बनाया है।
यह भी पढ़ें: क्या आप खाली बैठे पैसा कमा सकते हैं? ये महिला कमाती है और वो भी 53 लाख रुपए महीना! जानिए कैसे
इसका सीधा मतलब ये है कि भारत और चीन के अलावा जिन देशों के लोगों को ये वैक्सीन लगी हैं वे सभी ऑस्ट्रेलिया में आसानी से एंट्री पा सकेंगे। इससे ऑस्ट्रेलिया में पढ़ने वाले छात्रों और वहां काम करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। बता दें कि भारत में निर्मित कोविशील्ड को ऑस्ट्रेलिया से पहले ही मान्यता मिल चुकी है।
आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी की राह तकती भारत बायोटेक
बता दें कि भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को अभी डब्ल्यूएचओ से आपातकाल इस्तेमाल की मंजूरी नहीं मिली है। इसके लिए भारत बायोटेक लंबे समय से प्रयासरत है। हालांकि डब्ल्यूएचओ के अधिकारियों के अनुसार नियत प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications