आकाश विजयवर्गीय पर नाराज हुए पीएम मोदी, कहा- बेटा किसी का भी हो, पार्टी से निकाल देना चाहिए
Recommended Video
नई दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक बुलाई गई थी। संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग के जीएमसी बालयोगी सभागृह में बैठक के दौरान पीएम मोदी बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय के नगर निगम अधिकारी को बैट से पीटने की घटना पर बेहद नाराज नजर आए। इस बैठक के दौरान पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कहा कि बेटा किसी का भी हो, मनमानी नहीं चलेगी।

आकाश विजवर्गीय पर सख्त हुए पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इस तरीके की घटना नहीं होनी चाहिए। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ऐसी घटना देशहित और पार्टी हित में नहीं है, सभी को कानून का पालन करना होगा। जबकि बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि भाजपा संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी के नाम को खराब करने वाला व्यवहार स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह सभी पर लागू होता है।
बता दें कि आकाश विजयवर्गीय बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं। बीजेपी की ये बैठक 25 जून को ही होने वाली थी, लेकिन राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन लाल सैनी के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

आकाश ने निगम अधिकारी को बल्ले से पीटा था
दरअसल, आकाश विजयवर्गीय की इस हरकत के बाद पार्टी की काफी किरकिरी हो रही थी। बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय ने इंदौर में एक निगम अधिकारी की बल्ले से तब पिटाई कर दी थी, जब वो टीम के साथ मौके पर जर्जर मकान को गिराने के लिए पहुंचे थे। आकाश की सड़क पर गुंडागर्दी और मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। जिसके बाद उन पर मामला दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में भोपाल की विशेष अदालत से आकाश विजयवर्गीय को जमानत मिली थी।

कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं आकाश
जबकि बेटे के जेल से बाहर आने के बाद बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी बयान आया था। कैलाश विजयवर्गीय ने इस मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था और कहा था, 'मुझे लगता है कि दोनों पक्षों की तरफ से गलती की गई थी। आकाश और नगर निगम कमिश्नर दोनों कच्चे खिलाड़ी हैं।' कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं था, लेकिन इसे बड़ा बना दिया गया।' विजयवर्गीय ने कहा, 'मुझे लगता है कि अधिकारियों को अहंकारी नहीं होना चाहिए, उन्हें जनप्रतिनिधियों से बात करनी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications