बैठक खत्म होने के बाद पीएम बोले- जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र को मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता
नई दिल्ली, 24 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (गुरुवार) जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर राजनीतिक अनिश्चितता के माहौल को खत्म करने के उद्देश्य से कश्मीरी नेताओं के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए 'अपनी पार्टी' के नेता अल्ताफ बुखारी ने बताया कि बातचीत बड़े अच्छे माहौल में हुई। वहीं अब पीएम मोदी की तरफ से बैठक के बाद की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
Recommended Video

जम्मू-कश्मीर को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक समाप्त होने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि वह दिल्ली और दिल की दूरी को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक नेताओं के साथ आज की बैठक एक विकसित और प्रगतिशील जम्मू-कश्मीर की दिशा में चल रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाया गया है।' पीएम ने आगे कहा, 'हमारी प्राथमिकता जम्मू-कश्मीर में जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करना है। परिसीमन तेज गति से होना चाहिए ताकि चुनाव हो सकें और जम्मू-कश्मीर को एक चुनी हुई सरकार मिले जो प्रदेश के विकास पथ को मतबूती दे।'
यह भी पढ़ें: आर्टिकल 370 की बहाली, पूर्ण राज्य का दर्जा.. पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद क्या बोले जम्मू-कश्मीर के नेता
अपने एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी लिखते हैं, 'हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत एक मेज पर बैठने और विचारों का आदान-प्रदान करने की क्षमता है। मैंने जम्मू-कश्मीर के नेताओं से कहा कि हमें लोगों, विशेष रूप से युवाओं को जम्मू-कश्मीर को राजनीतिक नेतृत्व प्रदान करना है और यह सुनिश्चित करना है कि उनकी आकांक्षाओं को विधिवत पूरा किया जाए।' बता दें कि गुरुवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए जम्मू-कश्मीर के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित 14 नेताओं ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications