नीति आयोग की बैठक में बोले पीएम मोदी- ये बदलावों का दशक है, भारत को इसका लाभ उठाना चाहिए, जानें और क्या बोले?
NITI Aayog meeting: दिल्ली में शनिवार को नीति आयोग की बैठक हुई। नीति आयोग की 9वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में राज्यों की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने बताया केंद्र सरकार ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है और राज्य इस मिशन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा "यह दशक बदलावों, तकनीकी और भू-राजनीतिक के साथ-साथ अवसरों का भी है। भारत को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए और अपनी नीतियों को अंतरराष्ट्रीय निवेश के अनुकूल बनाना चाहिए।" उन्होंने जोर देकर कहा कि इन अवसरों का लाभ उठाना भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में प्रगति के लिए आवश्यक है।
राज्यों की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ग्रामीण और शहरी दोनों ही आबादी के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहभागितापूर्ण शासन और सहयोग महत्वपूर्ण है। इस संबंध में सरकारी हस्तक्षेपों के वितरण तंत्र को मजबूत करना महत्वपूर्ण है।
युवाओं को कौशल से लैस करने की है जरूरत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा भारत एक युवा देश है। यह अपने कार्यबल के कारण पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा आकर्षण है। हमें अपने युवाओं को एक कुशल और रोजगार योग्य कार्यबल बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए। 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए कौशल, अनुसंधान, नवाचार और नौकरी आधारित ज्ञान पर जोर देना आवश्यक है। पीएम मोदी ने कहा भविष्य की मांगों को पूरा करने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए युवाओं को कौशल से लैस करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
गवर्निंग काउंसिल की बैठक का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोगात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना था। पीएम मोदी ने भी इस बात पर जोर दिया कि 2047 तक भारत के विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए यह टीमवर्क आवश्यक है। बता दें इस बैठक में चर्चा किए गए विज़न दस्तावेज में 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी दी गई। इसमें अंतर्राष्ट्रीय निवेश के लिए अनुकूल नीतियां बनाना और तकनीकी प्रगति का लाभ उठाना शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications