पीएम मोदी ने पद्मश्री बलबीर सिंह के निधन पर जताया दुख, कहा- शानदार खेल के लिए आपको हमेशा याद करेगा देश
नई दिल्ली: खेल प्रेमिया के लिए सोमवार की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई, जहां मोहाली में पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह का निधन हो गया। बलबीर सिंह 96 साल के थे और पिछले लंबे वक्त से बीमार थे। जिस वजह से उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक सोमवार सुबह साढ़े छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
Recommended Video

पद्मश्री बलबीर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि उन्हें उनके यादगार खेल प्रदर्शन के लिए हमेशा याद किया जाएगा। पूरे देश को उन पर गर्व है। निसंदेह एक बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। बलबीर सिंह के निधन से बहुत ही दुख हुआ है। पीएम मोदी ने उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि बलबीर जी एक प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपनी स्टिक से विश्व हॉकी पर छाप छोड़ी है। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं जिंदादिल बलबीर जी से मिला था। उनके निधन पर उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।
देश को तीन बार दिलाया गोल्ड
आपको बता दें कि बलबीर सिंह हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी थे, जिन्हें दुनिया में एक अलग पहचान मिली थी। उन्होंने लंदन (1948), हेलसिंकी (1952) और मेलबर्न (1956) ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके इस योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। बलबीर सिंह 1975 विश्व कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के मैनेजर भी रहे।












Click it and Unblock the Notifications