साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी का भव्य स्वागत, कनाडा और क्रोएशिया भी करेंगे विजिट, देखें पूरा शेड्यूल
PM Modi Three Nation Tour: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 जून को तीन देशों - साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया के कूटनीतिक दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। उनका दौरा साइप्रस से शुरू हो रहा है और पीएम मोदी वहां पहुंच चुके हैं। यह दौरा 5 दिनों तक चलेगा और इसका उद्देश्य भारत के कूटनीतिक रिश्तों को मजबूत करना और वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ समर्थन जुटाना है।
पीएम मोदी का तीन देशों का यह दौरा भारत के लिए कई मायनों में खास है। यह न सिर्फ विदेशों में भारत की पकड़ मजबूत करने की कोशिश है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने का मौका भी है। हाल ही में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमला कर सख्त रुख दिखाया था। ऐसे माहौल में पीएम मोदी की यह यात्रा विदेश नीति और सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।

साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस के लारनाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस ख्रिस्तोदुलिदेस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी 15 से 16 जून तक साइप्रस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह दौरा राष्ट्रपति निकोस के निमंत्रण पर हो रहा है। पीएम मोदी इस समय तीन देशों के दौरे पर हैं। वे 16-17 जून को कनाडा में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे और क्रोएशिया की यात्रा भी करेंगे।
साइप्रस से होगी शुरुआत
यात्रा की पहली कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी 15 से 16 जून तक साइप्रस की राजधानी निकोसिया में रहेंगे। यह 20 वर्षों में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली साइप्रस यात्रा है। पीएम मोदी यहां राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स से मुलाकात करेंगे और लिमासोल में व्यवसायिक नेताओं को संबोधित करेंगे।
ये भी पढ़ें: Video:'पता नहीं मैं कैसे बचा', प्लेन क्रैश में जिंदा बचे शख्स से मिले PM मोदी, बताया कैसे सीट के साथ नीचे गिरा
G-7 सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
इसके बाद 16-17 जून को पीएम मोदी कनाडा के कनानास्किस शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह उनका लगातार छठा जी-7 सम्मेलन होगा। सम्मेलन के दौरान वे जी-7 देशों, आमंत्रित अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ ऊर्जा सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम तकनीक जैसे अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
भारत-कनाडा संबंधों में नई शुरुआत की उम्मीद
कनाडा यात्रा की खास बात यह है कि दोनों देशों के बीच रिश्तों में एक लंबे समय से खटास बनी हुई थी। 2023 में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। इस दौरे को भारत-कनाडा संबंधों में सुधार की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
क्रोएशिया की ऐतिहासिक यात्रा
दौरे के अंतिम चरण में पीएम मोदी 18 जून को क्रोएशिया जाएंगे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। यहां वे प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच और राष्ट्रपति जोरान मिलानोविच से मुलाकात करेंगे। यह दौरा यूरोपीय संघ के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक समर्थन की पहल
पीएम मोदी ने रवाना होने से पहले कहा कि यह तीन देशों की यात्रा भारत के उन साझेदारों को धन्यवाद देने का अवसर है, जिन्होंने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन किया है। साथ ही, यह दौरा दुनिया भर में आतंकवाद के खिलाफ मजबूत समझ और सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक अहम प्रयास है।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम एक नजर में
- 15-16 जून: साइप्रस यात्रा, राष्ट्रपति से मुलाकात और बिजनेस मीट
- 16-17 जून: कनाडा के कनानास्किस में G-7 सम्मेलन में भागीदारी
- 18 जून: क्रोएशिया की आधिकारिक यात्रा, द्विपक्षीय बैठकें
- 19 जून: भारत वापसी
ये भी पढ़ें: Air India Plane Crash: PM मोदी ने अहमदाबाद में क्रैश साइट का किया दौरा, अस्पताल में घायलों से भी की मुलाकात












Click it and Unblock the Notifications