100 करोड़ डोज का लक्ष्य हासिल करने के बाद पीएम मोदी ने की देश के वैक्सीन निर्माताओं से मुलाकात
सौ करोड़ डोज का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल करने के बाद आज पीएम मोदी ने देश के सात कोरोना वैक्सीन निर्माताओं से मुलाकात की।
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। सौ करोड़ डोज का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल करने के बाद आज पीएम मोदी ने देश के सात कोरोना वैक्सीन निर्माताओं से मुलाकात की। इस बैठक में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, भारत बायोटेक, डॉ. रेड्डी लैबोरेटरीज, जॉयडस कैडिला, बायोलॉजिकल ई, जेनोवा बायोफार्मा और पेनासिया बायोटेक के CEO ने हिस्सा लिया। बता दें कि हाल की में भारत ने वैक्सीनेशन में 1 अरब का आंकड़ा पार किया है, जिसके कुछ दिनों बाद ही यह बैठक हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया।
इस बैठक में प्रधानमंत्री ने वैक्सीन निर्माताओं के अनुभवों का जायजा लिया और साथ ही वैक्सीन निर्माताओं के साथ अनुसंधान को आगे बढ़ाने जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भारत में पात्र लोगों को जल्द से जल्द टीका लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा की। बता दें कि भारत में अभी तक एक अरब से ज्यादा कोरोना डोज दी जा चुकी हैं, जिनमें से 75 प्रतिशत लोगों को कम से कम एक खुराक जबकि 31 प्रतिशत लोगों को दोनों टीके दिए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Video: अपने मरे हुए पति की राख खाती है यह महिला, बोली- मैं इसे खाए बिना नहीं रह सकती
पीएम मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए लोगों जल्द से जल्द टीका लगवाने और साथियों को इसके लिए प्रेरित करने को कहा था। उन्होंने कहा कि टीका लगवाने के बाद भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं 1 अरब टीकाकरण के लक्ष्य को छूने की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि टीका लगवाने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए अब दुनिया भारत को सुरक्षित मानेगी। बता दें कि भारत में 16 जनवरी को टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी और 9 महीने 5 दिन के बाद भारत ने 1 अरब का आंकड़ा छू लिया। टीकाकरण के मामले में केवल चीन भारत से आगे है।