PM मोदी ने 12 राज्यों के CM और 8 उपमुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक, जानिए किन बिंदुओं पर हुआ मंथन
राज्यों में सरकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रधानमंत्री ने आज 12 मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में 8 डिप्टी सीएम भी शामिल रहे।
नई दिल्ली, 24 जुलाई : केंद्र सरकार गति शक्ति और हर घर जल जैसी योजनाएं चला रही है। राज्यों में इन योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, इस दिशा में काम हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 12 मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। भाजपा के सेंट्रल ऑफिस से जारी बयान के मुताबिक बैठक में 8 उपमुख्यमंत्रियों ने भी शिरकत की।

भाजपा के बयान में कहा गया, मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं को कुछ इस तरह लागू किया जाए जिससे जनता को फर्क का एहसास हो। उन्होंने योजनाओं की कवरेज संतुष्टि (saturation) के स्तर पर हो, ये सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ने पर भी जोर दिया।
पीएम मोदी ने 'व्यापार करने में आसानी' सुनिश्चित करने की जरूरत पर विशेष जोर दिया। भाजपा ने कहा, प्रधानमंत्री ने राज्यों को देश में कारोबारी माहौल को और बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
भाजपा के बयान में कहा गया, प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। बैठक में शामिल अन्य सीएम और डिप्टी सीएम-
- तारकिशोर प्रसाद- डिप्टी सीएम बिहार
- प्रमोद सावंत, मुख्यमंत्री, गोवा
- एन बीरेन सिंह, मिजोरम के मुख्यमंत्री
- जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश
- भूपेंद्र पटेल, मुख्यमंत्री, गुजरात
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
भाजपा के बयान में कहा गया, प्रधानमंत्री ने बैठक में कहा कि भाजपा शासित राज्यों में खेलों को बढ़ावा देना चाहिए। युवाओं को खेल-कूद से जुड़ी बेहतरीन सुविधाएं देनी चाहिए। अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर राज्य को खेल संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बनाने के लक्ष्य के साथ काम करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान कहा, योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जीरो लीकेज के लक्ष्य के साथ अधिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस सिस्टम्स के बेहतर उपयोग और दूर-दराज के क्षेत्रों में विकास योजनाओं की पहुंच को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों की बैठक में अमृत सरोवर मिशन की प्रगति और आजादी का अमृत महोत्सव के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।












Click it and Unblock the Notifications