CBSE Board Exams: PM मोदी ने बुलाई अहम बैठक, आज परीक्षा पर हो सकता है अहम फैसला
नई दिल्ली, 14 अप्रैल: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इस बार सरकार ने लॉकडाउन नहीं लगाया, लेकिन पूरी कोशिश की जा रही कि लोग घरों से कम निकलें। अप्रैल और मई में सीबीएसई और कई राज्यों की बोर्ड परीक्षाएं होनी थीं। महाराष्ट्र, पंजाब और यूपी जैसे राज्यों ने तो महामारी के चलते परीक्षाएं आगे बढ़ा दी हैं, लेकिन सीबीएसई पर संशय बरकरार था। जिस पर आज खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फैसला लेंगे।

भारत सरकार के सूत्रों के मुताबिक आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बैठक बुलाई है। जिसमें शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव समेत कई बड़े अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान सीबीएसई की परीक्षाओं और कोरोना के मौजूदा हालात पर चर्चा होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि महामारी के कहर को देखते हुए सरकार परीक्षाएं आगे बढ़ा सकती है। वहीं सोशल मीडिया पर परीक्षा पूरी तरह से रद्द होने की खबर वायरल हो रही है, लेकिन ऐसा होने की संभावना ना के बराबर है।
काफी दिनों से उठ रही थी मांग
हाल ही में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि जब पूरे साल परंपरागत तरीके से पढ़ाई नहीं हो सकी तो फिर हम पुराने तरीके से परीक्षा कराने पर क्यों जोर दे रहे हैं। इसके अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनू सूद जैसी दिग्गज हस्तियां भी छात्रों के पक्ष में उतरीं। सभी का कहना है कि कोरोना महामारी बहुत ज्यादा फैल गई है, ऐसे में छात्रों की जान खतरे में डालना सही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications