जिस विवेकानंद रॉक पर साधना में बैठे हैं PM मोदी, क्या वहां आम लोगों की आवाजाही बंद है? जान लीजिए सच्चाई
PM Modi Meditation Vivekananda Rock Memorial: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 30 मई 2024 की शाम से साधना (मेडिटेशन) कर रहे हैं। पीएम मोदी ने 31 मई और आज 1 जून को भी अपना ध्यान जारी रखा है। आज शाम तक पीएम मोदी ध्यान लगाएंगे।
इस बीच सोशल मीडिया पर कई लोगों ने ये सवाल उठा रहे हैं कि पीएम मोदी जहां विवेकानंद रॉक मेमोरियल में मेडिटेशन कर रहे हैं, क्या वह पर्यटकों यानी आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं कईयों को इस बात की जानकारी ही नहीं है। तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर सच क्या है?

क्या PM मोदी के साधना के दौरान पर्यटकों को विवेकानंद रॉक मेमोरियल में जाने की है अनुमति?
द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ठहरने के कारण तटीय सुरक्षा समूह और भारतीय तटरक्षक बल के जहाज चौबीसों घंटे स्मारक के पास गश्त कर रहे हैं।
बहुत सी पाबंदियों के साथ शुक्रवार (31 मई) सुबह 8 बजे से तमिलनाडु सरकार के पूम्पुहार शिपिंग कॉरपोरेशन द्वारा संचालित की जा रही नावों में पर्यटकों को विवेकानंद रॉक मेमोरियल में जाने की अनुमति दी जा रही है। यानी सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा किया जा रहा दावा गलत है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आगंतुकों की गहन तलाशी ली जा रही है और उन्हें स्मारक में कैमरा या बैग ले जाने की अनुमति नहीं है। विवेकानंद रॉक मेमोरियल के ध्यान कक्ष (मेडिटेशन सेंटर) को सुरक्षाकर्मियों ने घेर लिया है, लेकिन पर्यटक 'देवी पादम' सहित अन्य स्थानों पर जा सकते हैं। हम आने वाले आगंतुकों को निराश नहीं करना चाहते हैं।"
हालांकि शुक्रवार (31 मई) को विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर आने वाले पर्यटकों की संख्या बहुत कम थी, क्योंकि सुरक्षा संबंधी प्रतिबंधों के कारण अधिकांश पर्यटक वहां नहीं आए थे। इसी तरह इस पर्यटन स्थल के अधिकांश होटलों में कमरे खाली रहे।
एक होटल बिजनेसमैन ने कहा, ''सुरक्षा प्रतिबंधों ने पर्यटकों को कन्याकुमारी आने से हतोत्साहित किया होगा। हमारे पास केवल उत्तर भारत के मेहमान हैं, जिन्होंने बहुत पहले ही अपने कमरे बुक कर लिए थे, जबकि तमिलनाडु और केरल से हमारे पास कोई पर्यटक नहीं आया। खाने-पीने की दुकानें, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान, जो हर साल इस अवधि के दौरान पर्यटकों से भरे रहते थे बुधवार (29 मई) से कारोबार में भारी नुकसान झेल रहे हैं। चूंकि मतगणना 4 जून को होनी है और स्कूल गर्मी की छुट्टियों के बाद 6 जून को फिर से खुलने वाले हैं, इसलिए कन्याकुमारी में 'व्यापारिक सीजन' पहले ही पस्त हो चुका है।''












Click it and Unblock the Notifications