कैसा होगा वो 100 का सिक्का, जिसे मन की बात की 'सेंचुरी' पर जारी करेंगे पीएम मोदी
30 अप्रैल को 'मन की बात' के 100वें एपिसोड का प्रसारण होगा। इसको लेकर 100 रुपये का खास सिक्का जारी किया जाएगा।

सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो पर 'मन की बात' कार्यक्रम शुरू किया था। जिसके जरिए वो देश के नागरिकों से अपने 'दिल की बात' करते हैं। ये कार्यक्रम काफी लोकप्रिय हुआ और इस महीने इसके 100 एपिसोड पूरे होने वाले हैं। इस मौके पर पीएम मोदी 100 रुपये का एक विशेष सिक्का जारी करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'मन की बात' वाला सिक्का बहुत ही खास होगा। उस पर माइक्रोफोन बना होगा, साथ ही साल वाली जगह पर 2023 लिखा जाएगा। इस सिक्के पर 'मन की बात 100' भी लिखा होगा। हालांकि अभी इसकी कोई तस्वीर जारी नहीं की गई है।
सिक्के के आगे के भाग में अशोक स्तम्भ का सिंह होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा रहेगा। इसके अलावा हिंदी-अंग्रेजी में भारत/India लिखा होगा। खास बात ये है कि इस सिक्के पर रुपये का चिन्ह ₹ भी बना होगा।
इस सिक्के को बनाने में रजत, तांबा, निकिल और जस्ता का इस्तेमाल किया गया। इसकी गोलाई 44 मिलीमीटर है। वहीं जहां पर माइक्रोफोन बना होगा, वहां पर विशेष तरह से डिजाइन ध्वनि तरंगे भी बनी होंगी।
30 अप्रैल को होगा प्रसारण
'मन की बात' प्रोग्राम पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक था। इसकी शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को दशहरे पर हुई थी। तब से महीने के आखिरी रविवार को पीएम मोदी जनता से 'मन की बात' करते हैं। 30 अप्रैल को इसके 100 एपिसोड पूरे होने के उपलक्ष्य में कई जगहों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बूथ लेवल पर होगा प्रसारण
बीजेपी भी इसको लेकर खास तैयारियां कर रही। एक लाख से ज्यादा बूथ पर इसका प्रसारण किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं और नेताओं को सौंपी गई है। इसके अलावा जगह-जगह पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिसमें लोग इसको सुन सकेंगे।
100 जगहों पर 100 लोग सुनेंगे
वहीं हर लोकसभा क्षेत्र में 100 जगहों पर इसको सुनने की व्यवस्था की जाएगी। वहां पर 100-100 लोग इसे सुनेंगे। इसके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसका प्रसारण देखेंगे। मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को भी इससे जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications