पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के मूड में नहीं हैं पीएम मोदी- हार्दिक पटेल
नई दिल्ली- पाटिदार नेता हार्दिक पटेल ने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी पुलवामा आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के मूड में नहीं लग रहे हैं। उन्होंने ये भी सवाल उठाया है कि अगर जम्मू-कश्मीर में बड़ी घटना होने की खुफिया सूचनाएं थीं, तो सीआरपीएफ के जवानों को रोड के जरिए क्यों ले जाया गया?

इंडिया टुडे पोर्टल के मुताबिक 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए बड़े आतंकी हमले को लेकर हार्दिक पटेल ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि "मैं भरोसे के साथ कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के मूड में नहीं हैं, क्योंकि उनकी सोच,नीति और विचारधारा में अंतर है।" उन्होंने ये भी कहा कि, "जब खुफिया एजेंसियों ने जम्मू और कश्मीर में बड़ी घटना होने का अलर्ट दिया था, तब सीआरपीएफ के जवानों को सड़क के रास्ते क्यों ले जाया जा रहा था।"
गौरतलब है कि पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे और 5 जख्मी हुए थे। सुसाइड बॉम्बर ने 100 किलो से अधिक विस्फोटक से लदे वाहन को सीआरपीएफ की बस से टकरा दिया था। ये हमला जम्मू-कश्मीर हाइवे पर सीआरपीएफ के 2,500 से अधिक जवानों को लेकर जा रहे 78 वाहनों के काफिले में से एक पर किया गया था। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था, कि जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। पीएम ने जवाबी कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों को खुली छूट देते हुए उन्हें समय, जगह और कार्रवाई के तरीके तय करने की भी आजादी दी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications