पीएम मोदी ने नमो एप के जरिए की बात, कहा- आज का युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो एप के जरिए स्टार्ट-अप और नए आविष्कार की दिशा में काम कर रहे युवाओं के साथ संवाद किया। पीएम मोदी ने उन युवाओं से बात की जिन्होंने स्टार्ट अप इंडिया के तहत अपना स्वरोजगार स्थापित किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप का जाल देश भर में बिछा, इसके लिए पर्याप्त पूंजी, साहस और लोगों से जुड़ना आवश्यक है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारा युवा रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक भारत हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कई हिस्सों में युवाओं से सीधे बात की और उनके अनुभव को जाना।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज सिर्फ शहर नहीं बल्कि गांवों के युवा भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कुछ आंकड़े भी जारी किए और कहा कि अभी तक जो स्टार्ट अप शुरू हुए हैं उनमें से 45 फीसदी महिलाओं के द्वारा शुरू किए गए हैं। पीएम मोदी ने उनकी तारीफ की और कहा कि ऐसे लोग बाकियों के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को भी पीएम नरेंद्र मोदी ने नमो ऐप के जरिए आवास योजना के लाभार्थियों से बात की थी। उज्जवला योजना के लाभार्थियों से भी कुछ दिनों पहले नमो ऐप के ही जरिए बात की थी। इस दौरान कई महिलाओं ने उज्जवला योजना के बाद उनकी दिनचर्या में किस प्रकार का बदलाव आया है, इसका जिक्र किया था। पीएम मोदी से बात करते हुए कई महिलाओं ने कहा था कि गैस कनेक्शन मिलने के बाद उनका टाइम बचता है और खाना पकाने में कम समय लगता है।












Click it and Unblock the Notifications