PM मोदी ने 11 लाख लखपति दीदियों को सौंपा प्रमाण-पत्र, कहा- ये सिर्फ कमाई बढ़ाने का अभियान नहीं है
PM Narendra Modi Lakhpati Didi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान 11 लाख लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र सौंपे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ''आज यहां लखपति दीदी का महासम्मेलन हो रहा है। मेरी बहनें यहां बड़ी संख्या में उपस्थित हैं। आज यहां से देशभर के लाखों सखी मंडलों के लिए 6 हजार करोड़ से अधिक की राशि जारी की गई है। मेरी सभी माताओं-बहनों को बहुत-बहुत शुभेच्छा।"
पीएम मोदी ने कहा, ''लखपति दीदी बनाने का ये अभियान, सिर्फ बहनों-बेटियों की कमाई बढ़ाने का ही अभियान नहीं है। ये पूरे परिवार को, आने वाली पीढ़ियों को सशक्त कर रही है। ये गांव के पूरे अर्थतंत्र को बदल रही हैं।''

पीएम मोदी ने कहा ,''जब मैं लोकसभा चुनाव के दौरान आपके बीच आया था तब मैंने कहा था कि हमें 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाना है। बीते 10 सालों में एक करोड़ लखपति दीदी बनीं और बीते सिर्फ दो महीने में 11 लाख और लखपति दीदी उसमें जुड़ गईं।''
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखपति दीदी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "अब तक 1 करोड़ से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। आज 11 लाख और महिलाओं को 'लखपति दीदी' के रूप में प्रमाणित किया गया है। आज स्वयं सहायता समूहों के खातों में 2500 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड जमा किया गया। और बैंकों द्वारा स्वयं सहायता समूहों के खातों में 5000 करोड़ रुपये जमा किए जा रहे हैं।''
पीएम मोदी ने लखपति दीदी सम्मेलन में क्या-क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, ''भारत की मातृशक्ति ने हमेशा समाज और राष्ट्र के भविष्य को बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है और आज जब हमारा देश विकसित बनने के लिए मेहनत कर रहा है, तो फिर से हमारी मातृशक्ति आगे आ रही है।''
पीएम मोदी ने कहा,
''पहले देश की करोड़ों बहनों के नाम पर कोई प्रॉपर्टी नहीं होती थी। अगर उन्हें बैंक से लोन लेना होता था तो उनको मिल ही नहीं सकता था। ऐसे में वो कोई भी छोटा-मोटा काम करना चाहे तो चाहकर भी नहीं कर पाती थीं। इसलिए आपके इस भाई ने, आपके बेटे ने एक संकल्प लिया। मैंने तय किया कि कुछ भी हो जाए- मेरे देश की माताओं, बहनों और बेटियों की हर मुश्किल को कम करके ही रहूंगा। इसलिए मोदी सरकार ने एक के बाद एक महिला हित में निर्णय लिए।''
PM मोदी ने कहा- आजादी के बाद महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा काम हमारी सरकार ने किया
पीएम मोदी ने कहा,
''मैं आज चुनौती देता हूं- पहले की सरकारों के सात दशक एक तरफ रख लीजिए और दूसरे तराजू में मोदी सरकार के 10 साल रख लीजिए... जितना काम मोदी सरकार ने देश के बहन-बेटियों के लिया किया है, वो आजादी के बाद किसी सरकार ने नहीं किया है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''पिछले 10 सालों में लखपति दीदी के इस अभियान से 10 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं। हमने उन्हें बैंकों से भी जोड़ा है। हमने उन्हें आसानी से सस्ते लोन दिलवाए हैं। 2014 तक सखी मंडलों को 25,000 करोड़ रुपये से भी कम बैंक लोन दिए गए थे। वहीं, पिछले 10 सालों में करीब 9 लाख करोड़ रुपये की मदद दी गई है। इसके अलावा, महिलाओं को सरकार की ओर से दी जाने वाली सीधी मदद में भी 30 गुना बढ़ोतरी देखी गई है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''हमें महाराष्ट्र का विकास करके, महाराष्ट्र का नाम पूरी दुनिया में और ऊंचा करते रहना है। महाराष्ट्र के संस्कारों को यहां के वीर और धीर माताओं ने सृजित किया है। यहां की मातृशक्ति ने पूरे देश को प्रेरित किया है।''












Click it and Unblock the Notifications