पीएम मोदी ने फोन कर शेख हसीना को उनकी जीत के लिए दी बधाई
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को फोन कर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी जीत के लिए बधाई दी हैं। बांग्लादेश में रविवार को हुए आम चुनाव में शेख हसीना की पार्टी ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए विपक्ष का पूरी तरह से सफाया कर दिया। यह लगातार तीसरी बार है, जब शेख हसीना बांग्लादेश की सत्ता संभालने जा रही हैं। शेख हसीना की पार्टी ने 300 में से 287 सीटों पर जीत दर्ज की हैं, वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी को सिर्फ सात सीटों पर जीत मिली हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फोन कर शेख हसीना को उनकी जीत की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया, 'शेख हसीना जी से बात कर बांग्लादेश चुनाव में उनकी जीत के लिए बधाई दी हैं। अगले कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं। बांग्लादेश के साथ विकास के लिए काम करने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए भारत हमेशा प्रतिबद्ध है।'
पीएम मोदी की बधाई के बाद बांग्लादेश से भी जवाब आया है। शेख हसीना ने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया है, जिन्होंने सबसे पहले फोन कर जीत की बधाई दी। उन्होंने भारत को लगातार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया, जिसने बांग्लादेश के विकास में गति देने का काम किया। शेख हसीना ने पीएम के इस प्रतिबद्धता की सराहना की।
बांग्लादेश आवामी लीग की बड़ी जीत के साथ ही पार्टी की मुखिया प्रधानमंत्री शेख हसीना तीसरी बार देश की सत्ता में लौटने की तैयारी कर चुकी हैं। रविवार को हुए चुनावों में शेख हसीना अजेय रही हैं। हालांकि विपक्ष ने इन चुनावों के नतीजों को मानने से इनकार कर दिया है। विपक्ष ने चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए एक तटस्थ कार्यवाहक सरकार की अगुवाई में फिर से चुनावों की मांग कर डाली है। हसीना की पार्टी आवामी लीग को 298 में से 287 सीटें हासिल हुई हैं। वहीं विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को सिर्फ सात सीटें ही हासिल हो सकीं। चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनावों में गड़बड़ी के जो आरोप लग रहे हैं उसकी जांच कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications