पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर अमित शाह ने कहा– "PM Modi ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया"
PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बुधवार को देशभर में जश्न और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व, उपलब्धियों और देश को मिली नई दिशा पर विस्तार से चर्चा की।
अमित शाह ने कहा कि सालों से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि अनुच्छेद 370 को हटाया जाए। हम सब इसकी मांग तो जोर-शोर से करते थे, लेकिन अंदर ही अंदर सोचते थे कि यह संभव कैसे होगा। लेकिन देश ने जब मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री चुना तो यह सपना साकार हुआ और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हमेशा के लिए हट गया।

गृह मंत्री ने बताया कि इतने सालों से पीएम मोदी के साथ काम करते हुए उन्होंने देखा है कि देश में केवल वही एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने कभी छुट्टी नहीं ली। उनका हर पल, हर सांस देश की सेवा को समर्पित है। इसी का नतीजा है कि जो भारत 2014 में दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, वह आज चौथे स्थान पर पहुंच गया है। शाह ने कहा कि "दिल्ली की जनता तैयार रहे, 2027 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।"
"सीमा सुरक्षा से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक मोदी जी ने दिखाया दम"
अमित शाह ने आगे कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं। चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या हाल ही में पाकिस्तान को करारा जवाब देने वाला ऑपरेशन सिंदूर - हर बार मोदी जी ने देश की ताकत और संकल्प दुनिया के सामने रखा।
राम मंदिर का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि वर्षों से करोड़ों हिंदुओं का सपना अधूरा था। राहुल गांधी तंज कसते थे कि "मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे।" लेकिन आज मंदिर बन चुका है, रामलला विराजमान हो चुके हैं और पूरी दुनिया इस उत्सव में शामिल हो रही है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का काम - ये सभी ऐसे मुद्दे थे जो वर्षों से अटके हुए थे, जिन्हें मोदी जी ने तुरंत सुलझाकर करोड़ों देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ाया।
"दिल्ली को मिला उससे ज्यादा जितना उसका हक"
अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने कभी भेदभाव की राजनीति नहीं की। चाहे केंद्र में बीजेपी की सरकार हो या राज्य में विपक्ष की, मोदी जी ने हमेशा दिल्ली को उसका हक दिया बल्कि उससे ज्यादा दिया। उन्होंने कहा कि "अरविंद केजरीवाल की सरकार के समय भी पीएम मोदी ने दिल्ली के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी।"
गृह मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हैं। उन्होंने अपने पूरे जीवन को जनता के कल्याण, देश की सुरक्षा, आर्थिक विकास और हर गरीब के घर तक सुविधाएं पहुंचाने में लगा दिया है। शाह ने कहा कि "मोदी जी ने हर बच्चे के मन में महान भारत का संकल्प जगाया है। उनके 11 वर्षों की उपलब्धियों को आने वाली पीढ़ियां लंबे समय तक याद रखेंगी।"












Click it and Unblock the Notifications