PM Kisan Scheme: हो जाएं सावधान! अटकी हुई पीएम किसान की किस्त के नाम पर हो रही किसानों से ठगी
PM Kisan Cyber Fraud: पिछले कुछ सालों में हमारे देश में ऑनलाइन काम बहुत तेजी से बढ़ा है। अब किसान भी घर बैठे मोबाइल के जरिए पीएम किसान योजना की किस्त, केवाईसी और कई जरूरी काम आसानी से कर लेते हैं। लेकिन जितनी तेजी से डिजिटल सेवाएं बढ़ी हैं, उतनी ही तेजी से साइबर ठगी के मामले भी सामने आने लगे हैं। जालसाज अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को फंसाते हैं और एक क्लिक में उनकी मेहनत की कमाई तक साफ कर देते हैं।
ताजा मामलों में देखा गया है कि पीएम किसान योजना के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर किसानों से हजारों-लाखों रुपये की ठगी की जा रही है। ऐसे में जरूरी है कि किसान हर मैसेज, कॉल और लिंक की अच्छी तरह जांच करें, नहीं तो एक चूक बड़ा नुकसान कर सकती है। आइए समझते हैं कि किसान इन साइबर ठगों से खुद को कैसे बचा सकते हैं।

फर्जी लिंक से 7.77 लाख रुपये की ठगी
हाल ही में एक किसान के साथ बड़ा धोखा हुआ। इंस्टाग्राम पर भेजे गए एक फर्जी लिंक को वह पीएम किसान योजना का आधिकारिक लिंक समझ बैठा। लिंक पर क्लिक करते ही उसके फोन में एक एपीके एप इंस्टॉल हो गया। इस ऐप ने उसकी बैंकिंग जानकारी चुरा ली और जालसाजों ने अलग-अलग खातों में 7.77 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह मामला दिखाता है कि एक क्लिक से कितना बड़ा नुकसान हो सकता है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Scheme: पीएम किसान के 1.54 करोड़ ट्रांजेक्शन कैसे हुए फेल? खाते में कब आती है अटकी हुई किस्त?
सोशल मीडिया मैसेज से रहें सावधान
फेसबुक, इंस्टाग्राम या किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आए लिंक पर क्लिक न करें। सरकार या पीएम किसान विभाग सोशल मीडिया पर लिंक भेजकर कभी भी केवाईसी या किस्त अपडेट नहीं करता। ऐसे मैसेज अक्सर फर्जी होते हैं और आपके पैसे चुराने की कोशिश करते हैं।
फर्जी केवाईसी लिंक से बचें
कई जालसाज मैसेज भेजते हैं कि आपकी केवाईसी अपडेट नहीं है और किस्त अटक सकती है। इसमें एक लिंक दिया जाता है, जिस पर क्लिक करते ही फोन में वायरस या फर्जी एप इंस्टॉल हो जाता है। अगर आपको केवाईसी करनी है, तो सिर्फ pmkisan.gov.in पर जाएं या आधिकारिक पीएम किसान एप का इस्तेमाल करें। इसके अलावा नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर भी केवाईसी करवाई जा सकती है।
गोपनीय जानकारी मांगने वाली कॉल फर्जी होती हैं
अगर कोई कॉल करके आपकी बैंक जानकारी, ओटीपी या आधार नंबर मांगे, तो समझ लें कि कॉल फर्जी है। विभाग कभी भी किसानों से गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। अगर आपको अपने खाते की स्थिति जाननी है, तो खुद पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
किसान कैसे रहें सुरक्षित
- किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
- सोशल मीडिया पर आए मैसेज पर भरोसा न करें
- अपनी बैंकिंग जानकारी किसी को भी न बताएं
- केवाईसी या किस्त अपडेट सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर करें
- संदेह हो तो सीधे हेल्पलाइन पर संपर्क करें












Click it and Unblock the Notifications