दिवाली से पहले किसानों की बल्ले-बल्ले! 25 अक्टूबर को जारी होगी पीएम किसान की 24वीं किस्त?
PM Kisan 24th Installment Date: देश के करोड़ों किसानों की नजरें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त पर टिकी हुई हैं। दुर्गा पूजा के दौरान किसानों को उम्मीद थी कि सरकार उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता की रकम भेजेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब दिवाली से पहले किसानों को खुशखबरी मिलने की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी नई उम्मीद जगी है।
माना जा रहा है कि सरकार इस मौके पर किसानों के लिए बड़ी घोषणा कर सकती है। हालांकि, अभी तक संबंधित मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। ऐसे में किसानों के मन में सवाल है कि क्या इसी महीने उनका इंतजार खत्म होगा या अगली किस्त के लिए कुछ दिन और रुकना पड़ेगा।

25 अक्टूबर को जारी होगी 24वीं किस्त?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त को लेकर 25 अक्टूबर 2026 की तारीख चर्चा में है। खबरों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी का दौरा कर सकते हैं। इसी वजह से संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी वाराणसी से किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की रकम भेज सकते हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार में किसानों की बल्ले-बल्ले! 60 के बाद हर महीने खाते में आएंगे 3000 रुपये, क्या हैं जरूरी शर्तें?
हालांकि, 25 अक्टूबर को किस्त जारी होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सरकार या कृषि मंत्रालय की ओर से तारीख घोषित होने के बाद ही इसे पक्का माना जा सकेगा।
वाराणसी दौरे से क्यों बढ़ी उम्मीद?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। इस दौरान उनके भारतीय वायु सेना के गंगा एयर शो में शामिल होने और एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने की संभावना है।
पीएम किसान योजना की पिछली किस्तें भी कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान जारी की गई हैं। इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि वाराणसी दौरे के दौरान 24वीं किस्त भी जारी की जा सकती है। हालांकि, किसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की मौजूदगी का मतलब यह नहीं है कि उसी दिन पीएम किसान की रकम जारी होगी।
दिवाली से पहले मिल सकते हैं 2000 रुपये
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। यह रकम 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। योजना की 23वीं किस्त जून 2026 में जारी की गई थी। ऐसे में अक्टूबर में चार महीने का अंतर पूरा हो चुका है।
इसी वजह से अक्टूबर के आखिरी दिनों या नवंबर के पहले सप्ताह में 24वीं किस्त आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, यह केवल अनुमान है और सरकार ने अभी कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है।
सीधे बैंक खाते में आएगी रकम
पीएम किसान योजना की किस्त किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। इसके लिए सरकार डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी व्यवस्था का इस्तेमाल करती है। इस प्रक्रिया में पात्र लाभार्थियों के खातों में 2,000 रुपये की रकम भेजी जाती है। किसानों को पैसा लेने के लिए किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं होती।
हालांकि, भुगतान तभी सही तरीके से हो सकेगा, जब लाभार्थी की जरूरी जानकारी और बैंक खाते से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होगी।
ई-केवाईसी नहीं कराई तो अटक सकता है पैसा
पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरी करना अनिवार्य है। जिन किसानों की ई-केवाईसी अधूरी है, उनकी अगली किस्त रुक सकती है। किसान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त करके ऑनलाइन ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी की सुविधा भी मिलती है। इसलिए अगली किस्त जारी होने से पहले किसानों को अपनी ई-केवाईसी की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।
बैंक खाता और आधार की जानकारी भी जरूरी
केवल ई-केवाईसी पूरी होने से ही किस्त मिलने की गारंटी नहीं होती। किसान का बैंक खाता सही होना और आधार से जुड़ी भुगतान व्यवस्था सक्रिय होना भी जरूरी है। अगर बैंक खाते में कोई गलती है या आधार आधारित डीबीटी की सुविधा सक्रिय नहीं है, तो भुगतान अटक सकता है। किसानों को अपने बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी समय रहते सही करा लेनी चाहिए।
जमीन का सत्यापन भी कराएं पूरा
पीएम किसान योजना में जमीन से जुड़ी जानकारी का सत्यापन भी जरूरी है। जिन किसानों का भू-सत्यापन अधूरा है, उनकी किस्त रुक सकती है। इसके लिए किसान के जमीन संबंधी रिकॉर्ड और खतौनी की जानकारी का सही होना आवश्यक है। जहां जरूरी हो, वहां संबंधित रिकॉर्ड पोर्टल पर अपडेट या सत्यापित होना चाहिए। किसानों को अपनी पात्रता, जमीन के रिकॉर्ड और भुगतान की स्थिति जांचते रहना चाहिए।
कैसे चेक करें 24वीं किस्त का स्टेटस?
किसान पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर अपनी किस्त की स्थिति देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर लाभार्थी भुगतान और ई-केवाईसी से जुड़ा विवरण देख सकते हैं। अगर किसी किसान की पिछली किस्त भी रुकी हुई है, तो उसे पहले भुगतान रुकने का कारण पता करके जरूरी सुधार कराना चाहिए।
ये भी पढ़ें: PM Kisan: एक ही खतौनी में दर्ज हैं कई भाइयों के नाम? किसे मिलेंगे 6,000 रुपये और क्या हैं सरकारी नियम


Click it and Unblock the Notifications
