Deepika in JNU: लोगों ने कैंसिल किए छपाक के टिकट, जानिए क्या है सच?
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) जाने के बाद अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को लेकर काफी विवाद देखा गया। इसके बाद ट्विटर पर लोग दो तरह से बंटे दिखे। कई उनके जेएनयू जाने का समर्थन करते दिखे, तो वहीं कुछ लोगों ने इसका काफी विरोध भी किया। दीपिका का जेएनयू जाना कुछ लोगों को पसंद नहीं आया और उन्होंने उनकी आने वाली फिल्म छपाक को ना देखने की बात कही।

Recommended Video
इस बीच ट्विटर पर #boycottchhapaak काफी ट्रेंड करने लगा। इस हैशटैग के साथ लोग फिल्म के टिकट कैंसिल करने का स्क्रीनशॉट पोस्ट करने लगे। इन लोगों ने कहा कि ये फिल्म के टिकट पहले ही बुक कर चुके थे, लेकिन दीपिका के जेएनयू जाने के बाद अब कैंसिल कर रहे हैं। लेकिन हैरानी की बात ये रही कि टिकट कैंसिल करने की एक ही तस्वीर कई लोगों ने शेयर की।
फिल्म के टिकट कैंसिल करने का स्क्रीनशॉट जो बहुत से लोग पोस्ट कर रहे हैं, वो दरअसल एक ही है। यानी एक ही टिकट कई लोग कैंसिल करने की बात बोलते हुए पोस्ट कर रहे हैं। इस टिकट पर शुक्रवार 10 जनवरी की तारीख है। शाम 6.50 बजे का समय और स्थान वडोदरा का अकोटा सिनेमार्क है। वायरल तस्वीर में तीन टिकट दिख रही हैं, जिनमें सीट नंबर ए10, ए8 और ए9 हैं। साथ ही रिफंड राशि 420 दिख रही है। इसका मतलब ये कि टिकट कैंसिल किए जाने का एक ही स्क्रीनशॉट बहुत से लोगों ने शेयर किया है।
बता दें दीपिका की फिल्म छपाक 10 जनवरी को रिलीज होगी। फिल्म की डायरेक्टर मेघना गुलजार हैं। छपाक फिल्म एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित है। फिल्म में दीपिका के अपोजिट अभिनेता विक्रांत मेसी दिखाई देंगे। गौरतलब है कि रविवार को जेएनयू में कुछ नकाबपोश लोगों ने छात्रों पर डंडों और रोड से हमला कर दिया था। इस हिंसा के विरोध में ही दीपिका जेएनयू पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया।












Click it and Unblock the Notifications