Who Is Mohammed Odeh: हमास का नया मिलिट्री चीफ गाजा में ढेर, इजरायल पर बड़े हमले का था मास्टरमाइंड!
Israel airstrikes in Hamas: इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध के बीच गाजा में एक बार फिर बड़े हवाई हमले की खबर सामने आई है। गाजा पट्टी में इजरायल की सेना ने बहुत बड़ा धमाका किया है। दो हफ्ते के भीतर इजरायल ने हमास को दूसरा सबसे बड़ा झटका देते हुए उसके नए मिलिट्री कमांडर मोहम्मद ओदेह (Mohammed Odeh) को एक सटीक एयरस्ट्राइक में ढेर करने का दावा किया है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक संयुक्त बयान जारी कर इस सैन्य ऑपरेशन की पुष्टि की है। इजरायल के मुताबिक, ओदेह हमास के सैन्य विंग का मुखिया था और 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए खूंखार हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था।

कमांडर की मौत पर क्या बोला हमास?
यह हमला पश्चिमी गाजा शहर के रिमल इलाके में एक अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर किया गया, जिसमें ओदेह समेत दो लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इजरायल की तरफ से पुष्टि होने के बाद भी हमास ने अभी तक अपने कमांडर की मौत पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। आइए जानते हैं यह मोहम्मद ओदेह आखिर कौन था जिसके खात्मे से हमास पूरी तरह टूट गया है...
कौन था मोहम्मद ओदेह? (Who Is Mohammed Odeh)
मोहम्मद ओदेह हमास के सबसे खतरनाक और अनुभवी सुरक्षा गुर्गों में से एक माना जाता था। गाजा युद्ध के सबसे अशांत दौर में उसने महज 7 दिनों (18 मई से 25 मई 2026) के लिए हमास की सशस्त्र शाखा, इज्ज़ अद्-दीन अल-कस्साम ब्रिगेड (Izz ad-Din al-Qassam Brigades) के कमांडर के रूप में काम किया।
दरअसल, ओदेह से ठीक पहले हमास के मिलिट्री चीफ रहे इज्ज़ अल-दीन अल-हदाद को इजरायली सेना ने 15 मई को उनके परिवार समेत मार गिराया था। अल-हदाद की मौत के बाद ही मोहम्मद ओदेह को हमास के सैन्य विंग की कमान सौंपी गई थी, लेकिन वह हफ्तेभर भी अपनी जान नहीं बचा सका। सुरक्षा विश्लेषकों का मानना है कि हमास के शीर्ष सैन्य नेतृत्व में ओदेह शायद आखिरी बचे हुए सीनियर चेहरों में से एक था।
7 अक्टूबर के हमले में निभाई थी सबसे बड़ी भूमिका
कस्साम ब्रिगेड की कमान संभालने से पहले मोहम्मद ओदेह हमास के सैन्य खुफिया विभाग (Military Intelligence Division) का प्रमुख था। 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले से पहले खुफिया जानकारी जुटाने में उसकी भूमिका सबसे अहम थी। उसने गाजा सीमा के पास इजरायली सैन्य ठिकानों की रेकी की थी और इजरायली सेना की 'गाजा डिवीजन' की कमजोरियों का पता लगाकर हमास के लड़ाकों को इनपुट दिए थे।
अपने करियर के शुरुआती दिनों में ओदेह हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र में काम करता था, जहां उसका मुख्य काम गाजा के अंदर सक्रिय इजरायली मुखबिरों और जासूसों की पहचान कर उन्हें खत्म करना था। अपनी इसी बेरहमी और तेजी के कारण वह हमास के खुफिया नेटवर्क में लगातार ऊपर चढ़ता गया।
इजरायल के निशाने पर था पूरा परिवार
इजरायल काफी समय से मोहम्मद ओदेह की तलाश में था और उसे मारने के लिए कई बार प्रयास किए जा चुके थे। साल 2025 में गाजा में ओदेह के पैतृक घर पर हुए एक इजरायली हमले में उसका बड़ा बेटा अम्र (Amr) मारा गया था, लेकिन उस वक्त ओदेह बच निकला था। इस बार इजरायली खुफिया एजेंसी ने उसका सटीक लोकेशन निकाला और उसका काम तमाम कर दिया। ओदेह का यह छोटा सा कार्यकाल दिखाता है कि इजरायली हमलों के कारण गाजा में हमास का नेतृत्व कितनी तेजी से खत्म हो रहा है।
सिन्वार, देइफ और हानियेह के बाद अब ओदेह का खात्मा
7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकियों ने इजरायल की सीमा में घुसकर करीब 1,221 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसके जवाब में इजरायल ने गाजा में जो सैन्य अभियान शुरू किया, उसमें गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक कम से कम 72,803 लोग मारे जा चुके हैं।
7 अक्टूबर के बाद से इजरायली सेना और खुफिया एजेंसियों ने कसम खाई थी कि वे हमास के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व को दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे। इसी अभियान के तहत इजरायल ने:
- हमास के पूर्व राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हानियेह को खत्म किया।
- 7 अक्टूबर के हमले के मास्टरमाइंड याह्या सिन्वार को मार गिराया।
- हमास के लंबे समय तक मिलिट्री चीफ रहे मोहम्मद देइफ को ढेर किया।
इसके अलावा इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के चीफ हसन नसरल्लाह समेत ईरान समर्थित कई बड़े कमांडरों का भी सफाया कर दिया है। अब मोहम्मद ओदेह की मौत ने हमास की कमर पूरी तरह तोड़ दी है और संगठन के पास अब कमांड संभालने के लिए बड़े चेहरे खत्म हो चुके हैं।















Click it and Unblock the Notifications