परिवार के साथ होने से खुश हैं अमेठी और रायबरेली के लोग: रॉबर्ट वाड्रा
लखनऊ। सोनिया गांधी के रायबरेली सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने शुक्रवार को अमेठी और रायबरेली की सीट पर कांग्रेस की जीत का दावा किया। सोनिया गांधी ने 11 अप्रैल को ही रायबरेली सीट से नामांकन किया था। इसके बाद शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए वाड्रा ने कहा कि अमेठी और रायबरेली के लोग इस बात से खुश हैं कि नेहरू-गांधी परिवार के लोग उनके साथ हैं और हमारे मन में हमेशा से उनके विकास की ही धारणा रही है।

बता दें कि वाड्रा गुरुवार को सोनिया गांधी के नामांकन के दौरान अपनी पत्नी प्रियंका गांधी और बच्चों के साथ रायबरेली पहुंचे थे। सोनिया ने गुरुवार को रायबरेली सीट से नामांकन दाखिल किया था और इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा समेत कांग्रेस के कई नेता उनके साथ रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय तक गए थे। इससे पूर्व 10 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी संसदीय सीट से भी नामांकन दाखिल किया था। राहुल गांधी इस बार अमेठी के अलावा केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications