पवित्र रिश्ता-2 में मानव के रोल का ऑफर मिलने पर शहीर शेख के मन में आया था अजीब खयाल, सुशांत को लेकर कही ये बात
नई दिल्ली, 15 जुलाई। टीवी से अपने एक्टिंग की शुरुआत करने वाले सुशांत सिंह राजपूत को सीरियल पवित्र रिश्ता से काफी लोकप्रियता मिली थी। इस सीरियल में सुशांत सिंह राजपूत मानव के किरदार में थे जबकि उनके साथ अंकिता लोखंडे ने अर्चना का किरदार निभाया था। जिस तरह से इस सीरियल को लोगों ने काफी पसंद किया उसके बाद इसकी एक बार फिर से नए कलेवर और नए किरदारों के साथ शुरुआत होने जा रही है। सुशांत सिंह राजपूत ने पिछले साल अपने फ्लैट पर आत्महत्या कर ली थी, उनकी मृत्यु के बाद सीरियल में मानव का किरदार शहीर शेख निभाएंगे।

मैं काफी नर्वस था
जब पवित्र रिश्ता में मानव के किरदार के लिए शहीर शेख को संपर्क किया तो उस वक्त उनके भीतर किस तरह के विचार आए इसपर शहीर ने कहा कि मेरे मन में पहला खयाल यही आया था कि मुझे दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के किरदार को निभाना है। पवित्र रिश्ता-2 में मानव के किरदार को निभाना आसान नहीं होगा, क्या लोग मुझे इस रोल में स्वीकार करेंगे। शहीर ने कहा कि मैं इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं था कि क्या मुझे इस शो का हिस्सा बनना चाहिए, मैं काफी बेचैन था।

लोग मुझे स्वीकार नहीं करेंगे
एक इंटरव्यू में शहीर शेख ने कहा कि कई लोगों ने मुझसे पूछा कि क्या तुम इस रोल को अदा करने के लिए तैयार हो, आश्वस्त हो। क्योंकि इस रोल को दिग्गज अभिनेता सुशांत सिंह ने निभाया था। लोगों को मुझसे काफी ज्यादा उम्मीदे होंगी। लोगों की बातों को सुनकर मैं भी बहुत ज्यादा इसको लेकर आश्वस्त नहीं था कि मुझे इस किरदार को निभाना चाहिए या नहीं। मैं बहुत ज्यादा बेचैन होने लगा था। सच कहूं तो पहले मैंने सोचा कि मुझे लोग इस रोल में स्वीकार ही नहीं करेंगे।

पहले शाहरुख और फिर सुशांत ने खोला हमारे लिए रास्ता
सुशांत सिंह राजपूत के बारे में शहीर शेख ने कहा कि मैं उनसे दो बार मिला था, लेकिन हम दोनों एक दूसरे को व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानते थे। मुझे उनके बारे में यह पता था कि उन्होंने बॉलीवुड में अपना करियर बनाने के लिए टीवी के हिट शो को छोड़ दिया था। हमारे जैसे टीवी एक्टर्स के लिए उन्होंने एक रास्ता खोला था। मुझे याद है कि काय पो चे फिल्म की रिलीज के दौरान एक मीडिया पर्सन ने मुझसे पूछा था कि आप इस बारे में क्या सोचते हैं तो मैंने कहा था कि उन्होंने हमारे लिए रास्ता खोला है। बहुत पहले शाहरुख खान सर ने ऐसा किया था जबक वह टीवी पर सर्कस सीरिलय कर रहे थे और बाद में वह बॉलीवुड के स्टार बने और अब सुशांत सिंह राजपूत ने ये किया है।

सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
बता दें कि पवित्र रिश्ता-2 की शूटिंग हाल ही में शुरू हुई है। पिछले हफ्ते आल्ट बालाजी के बैनर तले इसकी शूटिंग शुरू हुई है,जिसके बारे में इंस्टाग्राम के आधिकारिक अकाउंट पर जानकारी दी गई है। शो की शूटिंग की कई तस्वीरें शेयर की गई। जिसमे लिखा, कभी-कभी हमे साधारण सी जिंदगी में बेहद असाधारण प्यार की कहानियां मिलती हैं। एक बार फिर से मानव और अर्चना के असाधारण प्यार को देखिए। पवित्र रिश्ता जल्द ही स्ट्रीम होगा।

जल्द ही होगी रिलीज
बता दें कि पवित्र रिश्ता की डिजिटल सीरीज जी5 पर स्ट्रीम होगी, यह 55 दिनों तक प्रसारित की जाएगी और इसे आल्ट बालाजी के ऐप पर भी देखा जा सकता है। इस सीरीज को नंदिता मेहता डायरेक्ट करेंगी। सीरियल को को निकिता ढोंड गौतम हेगडे और रितु भाटिया ने लिखा है।












Click it and Unblock the Notifications