पाटीदार समुदाय ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलने की उठाई मांग, 12 जून को होगा विशाल प्रदर्शन
अहमदाबाद, जून 11। गुजरात के अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलने की मांग उठी है। यह मांग पाटीदार समुदाय की ओर से उठाई गई है। सरदार सम्मान संकल्प आंदोलन समिति (एसएसएसएएस) के बैनर तले पाटीदार समूह ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर सरदार पटेल स्टेडियम करने की मांग की है। समिति ने अपनी इस मांग के साथ 12 जून को बारडोली में स्वराज आश्रम से मोटेरा तक मार्च निकालने की योजना बनाई है।

'मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा'
आपको बता दें कि सोमवार शाम तक समिति के सभी लोग गेट नंबर 1 पर इकट्ठा होंगे और फिर उसके बाद विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इंडिया टुडे से बात करते हुए समिति के संयोजक अतुल पटेल ने कहा कि अगर सरकार नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम का नाम सरदार पटेल स्टेडियम के रूप में बहाल नहीं करती है तो वो अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
'सरदार पटेल के नाम का नहीं होने देंगे दुरुपयोग'
अतुल पटेल ने इस बातचीत के दौरान कहा है कि चुनाव के दौरान बीजेपी ने गुजरात में सरदार पटेल की एक विशाल मूर्ति तो बनवाई, लेकिन स्टेडियम का नाम बदल दिया, हम इस सरकार को सरदार पटेल के नाम का गलत इस्तेमाल नहीं करने देंगे। यह समय सरदार पटेल के सम्मान को वापस देने का है, इसलिए हम स्टेडियम का नाम उन्हीं के नाम पर रखने की मांग कर रहे हैं।
800 करोड़ रुपए का लागत से बना था यह स्टेडियम
आपको बता दें कि अहमदाबाद के इस स्टेडियम का नाम सरकार ने बदलकर नरेंद्र मोदी के नाम पर कर दिया था। पहले मोटेरा के नाम से प्रसिद्ध इस स्टेडियम को रिनोवेट किया गया था। नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। 63 एकड़ में फैले इस स्टेडियम को 800 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया गया था और फरवरी 2021 में इसका नाम बदला गया था। अभी तक दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम मेलबर्न का था।












Click it and Unblock the Notifications