भाजपा विधायक को कांग्रेस नेता ने कहा दारूवाली, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठीं
कांग्रेस विधायक के 'दारूवाली' कहे जाने के बाद अब पारुल साहू इस मुद्दे को लेकर दिल्ली पहुंच गई हैं। कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल के खिलाफ उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध किया।

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत के 'दारूवाली' कहे जाने के बाद अब भाजपा विधायक पारुल साहू इस मुद्दे को लेकर दिल्ली पहुंच गई हैं। गोविंद सिंह के बिगड़े बोल के खिलाफ वो दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सुरखी से भाजपा विधायक ने दिल्ली महिला मोर्चा के साथ मिलकर कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता गोविंद राजपूत ने भरी सभा में पारूल साहू को 'दारूवाली' कहा था जिसके बाद ये मुद्दा गर्माता ही जा रहा है।

गोविंद राजपूत ने 16 नवंबर को कहा था 'दारूवाली'
सागर के सेमाढाना गांव से पूर्व विधायक गोविंद राजपूत ने 16 नवंबर को वहां एक सभा में मौजूदा विधायक साहू पर निशाना साधा था। गोविंद राजपूत ने सड़कों की खबरा हालत के बारे में बोलते हुए कहा था, 'शराब जितनी पुरानी होती है उसे उतना अच्छा माना जाता है। क्षेत्र की विधायक दारू वाली है, उन्हें पुरानी सड़कें अच्छी लगती हैं। इसलिए उनका ध्यान इन खराब सड़कों की तरफ नहीं जाता।' कांग्रेस नेता के इस बयान का वीडियो वायरल हो गया था जिसके बाद से इसपर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। साहू ने गोविंद के खिलाफ जैसीनगर थाने में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है।

'मेरा नहीं, बल्कि सभी महिलाओं का अपमान है'
पारूल साहू ने इस बयान की शिकायत न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री से की, बल्कि राहुल गांधी से भी कई सवाल पूछे। दिल्ली महिला मोर्चा अध्यक्ष और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पारुल साहू ने कहा कि ऐसा बोलकर न केवल उनका और पद का, बल्कि सभी महिलाओं का अपमान किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी आरोप लगाए कि वो राजपूत पर कार्यवाई करने से बचती दख रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष से किए कुछ सवाल
इस पूरे मामले पर विपक्षी नेता अजय सिंह का कहना है कि ऐसी बातें किसी के लिए भी नहीं करनी चाहिए। वहीं गोविंद पर कार्यवाई पर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी इसकी जांच करेगी। पारूल साहू ने इंडिया गेट के सामने एक वीडियो भी शूट करवाया है जिसमें उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से कुछ सवाल किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications