कौन हैं Google-Doodle तैयार करने वाले पार्थ कोथेकर, सिर्फ 10वीं पास लेकिन कला के दम पर हासिल किया बड़ा मुकाम
गणतंत्र दिवस के मौके पर खास गूगल डूडल को तैयार करने वाले पार्थ कोथेकर अहमदाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी खास आर्ट वर्क के दम पर एक अलग मुकाम हासिल किया है।

Parth Kothekar Google Doodle: भारत आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर गूगल ने भी डूडल के जरिए लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। गूगल-डूडल तमाम बड़े मौकों पर खास तरह के डूडल के जरिए उसे याद करता है। गणतंत्र दिवस के मौके पर गूगल ने बेहद खास डूडल साझा किया है। दिलचस्प बात यह है कि गूगल ने जो डूडल शेयर किया है उसे भारत के ही कलाकार पार्थ कोथेकर ने बनाया है। पार्थ अहमदाबाद के रहने वाले हैं और उन्होंने ही इस बेहतरीन डूडल को इलस्ट्रेट किया है।
सिर्फ 10वीं तक की पढ़ाई
अहम बात यह है कि पार्थ ने इस डूडल को एक पेपर कटिंग करके बनाया है जिसमे पीछे राष्ट्रपति भवन दिख रहा है। इसके साथ ही परेड के तमाम अहम पहलुओं को इस कलाकारी के जरिए दिखाया गया है। पार्थ कोथेकर की बात करें तो वह गुजरात के सबसे बड़े शहर में पैदा हुए और वह एक कागज की शीट से ही अपनी कलाकारी दिखाते हैं। वह पहले कागज पर हाथ से स्केच करते हैं और इसके बाद उसे काटते हैं। पार्थ ने बहुत ज्यादा पढ़ाई नहीं की है, उन्होंने खुद जनवरी 2021 में एक इंटरव्यू में इस बात की जानकारी दी थी। उनका पढ़ाई में बहुत ज्यादा मन नहीं लगता था, यही वजह है कि उन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद एनिमेशन में अपना करियर शुरू कर दिया।
एनिमेशन इंस्टिट्यूट से ड्रॉप आउट
पार्थ कहते हैं कि उन्होंने एनिमेशन इंस्टिट्यूट भी बीच में ही छोड़ दिया था क्योंकि संस्थान उन्हें सिर्फ 3डी एनिमेशन पर जोर देने के लिए कह रहा था। लेकिन पार्थ को 2डी आर्ट वर्क में दिलचस्पी थी। लिहाजा संस्थान से बाहर होने के बाद उन्होने खुद से स्केचिंग करनी शुरू कर दी। शुरुआत में तो पार्थ इसे शौकिया तौर पर करते थे, लेकिन जब उनके पास पर्याप्त अनुभव हो गया और उन्होंने कई सारे आर्टवर्क कर लिए तो उन्होंने अहमदाबाद के कनोरिया में सेंटर ऑफ आर्ट में प्रदर्शनी लगाई। इस प्रदर्शनी में उन्होंने अपने 84 आर्ट वर्क को प्रदर्शित किया।
दुनियाभर में गाड़ा झंडा
पार्थ के आर्टवर्क को एडोबी की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बीहेंस ने प्रदर्शित किया। यही नहीं उनके आर्टवर्क को लंदन के नेशनल हिस्ट्री म्यूजियम में प्रदर्शित किया गया। पार्थ की खुद की एक वेबसाइट है, जिसके अनुसार उन्हें न्यूजीलैंड की सरकार ने 2016 में निमंत्रण दिया था कि वह अपने काम को यहां आकर दिखाएं। पार्थ की वेबसाइट पर अगर आप जाएंगे तो इनके काम को देखकर दंग रह जाएंगे। जिस खूबसूरती से वह अपने काम को करते हैं उसे देखकर आप वाह कहने से खुद को रोक नहीं पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications