Parliament Winter Session Day 11: पीएम मोदी के अपमान पर बीजेपी का हल्ला बोल, विपक्ष का प्रदूषण पर हंगामा
Parliament Winter Session Day 11: संसद सत्र के 11वें दिन दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। दिल्ली में प्रदूषण को लेकर विपक्षी सांसदों ने सरकार पर निशाना साधा और तत्काल चर्चा की मांग की। दूसरी ओर बीजेपी ने पीएम नरेंद्र मोदी के अपमान का मुद्दा उठाते हुए दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया। राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसद ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की।
विंटर सेशन के 11वें दिन कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मनरेगा योजना का नाम बदले जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम क्यों हटा रहे हैं? मुझे समझ नहीं आ रहा इसके पीछे इनकी (सरकार की) मंशा क्या है? संसद में पश्चिम बंगाल की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

Parliament Winter Session Day 11: दोनों सदनों में जमकर बवाल
संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ और सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष का नजारा देखने को मिला। राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा हुई। दिन भर की खास हाईलाइट्स:
- पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर दोनों बीजेपी और टीएमसी सांसदों के बीच तीखी झड़प हुई। बीजेपी सांसदों ने आरोप लगाया कि राज्य की वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम शामिल हैं। इस पर पलटवार करते हुए टीएमसी सांसदों ने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया के बहाने वैध मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Viksit Bharat Shiksha Adhishthan Bill: उच्च शिक्षा में सुधार के लिए विंटर सेशन में बिल, जानें इसके प्रावधान
- लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में पीएम नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द कहे जाने का दावा करते हुए एनडीए सांसदों ने हंगामा किया। राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी के लिए रामलीला मैदान की रैली मे अपशब्द कहे गए हैं। सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। भारी हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित भी करनी पड़ी।
- कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री किरने रिजिजू के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि मंच से पीएम मोदी के बारे में कोई गलत बात नहीं कही गई थी। सरकार के पास अब चर्चा के लिए मुद्दा नहीं बचा है और बेकार में ड्रामेबाजी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: PM मोदी पर ऐसा क्या बोलीं सोनिया गांधी? माफी की उठी मांग, संसद में गुस्से में बोले नड्डा- अपमान बर्दाश्त नहीं
- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली प्रदूषण पर कहा, 'स्थिति बहुत ज्यादा खराब है और हमें (सदन में) इसपर चर्चा करनी चाहिए। यह बच्चों-बुजुर्गों और आम लोगों के स्वास्थ्य और सांस लेने से जुड़ा मुद्दा है।' कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, 'वायु प्रदुषण पर 2019 में भी मैंने नोटिस दिया था और बहस शुरू की थी। पिछले 6 साल का हाल देखें, तो प्रदूषण के स्तर में कोई सुधार नहीं हो सका है। हालत और खराब हो गई है। संसद को सारे काम छोड़कर प्राथमिकता पर इसपर बहस करनी चाहिए।'
BJP सांसदों को सदन में रहने के लिए व्हिप जारी
संसद के शीतकालीन के इस आखिरी हफ्ते में सरकार एटॉमिक एनर्जी (संशोधन) बिल से लेकर कॉर्पोरेट कानूनों और उच्च शिक्षा आयोग से जुड़े विधेयक लाने की तैयारी में है। बीजेपी ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी करते हुए 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सदन में रहने के निर्देश दिया है। सरकार की मंशा है कि इस सत्र में ये प्रमुख विधेयक संख्या बल के आधार पर पारित कराए जा सकें।
यह भी पढ़ें: CJI को हटाकर पोल चीफ क्यों चुनना चाहती है सरकार? संसद में राहुल गांधी के 3 तीखे सवाल, EC पर सीधे आरोप












Click it and Unblock the Notifications