Pannu Murder Conspiracy Case: केंद्र सरकार की जांच कमेटी की आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश
Pannu Murder Conspiracy Case: भारत सरकार द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय जांच समिति (high powered enquiry committee) ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) की हत्या की साजिश के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है। यह जांच अमेरिका के आरोपों के बाद शुरू की गई थी, जिसमें भारतीय एजेंटों पर पन्नू की हत्या की साजिश रचने का दावा किया गया था।
अमेरिकी अधिकारियों ने भारत और अमेरिका के सुरक्षा हितों को खतरा पहुंचाने वाले आतंकवादी संगठनों, आपराधिक गिरोहों, और मादक पदार्थ तस्करों की गतिविधियों के बारे में भारत को जानकारी दी थी। इसके बाद, नवंबर 2023 में भारत सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय पैनल का गठन किया।

अमेरिकी अधिकारियों ने पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े सबूत और सुराग भारत के साथ साझा किए। दोनों देशों ने मिलकर जांच की और इस दौरान कई बार दौरे किए। समिति ने कई भारतीय एजेंसियों के अधिकारियों से पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान एक व्यक्ति के आपराधिक संबंध और पृष्ठभूमि उजागर हुई।
क्या कहा गया रिपोर्ट में?
समिति ने अपनी रिपोर्ट में सरकार को सिफारिश की है कि आरोपी के खिलाफ तेजी से कानूनी कार्रवाई की जाए।भारत की सुरक्षा प्रणाली और प्रक्रियाओं में सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके। आतंकवाद और संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
गृह मंत्रालय ने अभी तक उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया है, जिसके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐसे मामलों में भारत की प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
ये भी पढ़ें: Prayagraj Chalo: खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने फिर उगला जहर, अब Mahakumbh 2025 को लेकर दी ये धमकी
सवालों में रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव
बता दें कि अमेरिका ने भारत के रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व अधिकारी विकास यादव पर पन्नू की हत्या की असफल साजिश रचने का आरोप लगाया है। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा वांछित यादव को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने गिरफ्तार किया था। यादव को हत्या के प्रयास और अपहरण के मामले में हिरासत में लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications